छत्रपति संभाजीनगर, 28 जनवरी सरपंच संतोष देशमुख हत्याकांड से जुड़े जबरन वसूली मामले में गिरफ्तार वाल्मिक कराड का एक ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें उन्हें एक व्यक्ति को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि चिंता मत करो, बीड में ‘बाप’ बैठा हुआ है।
कराड, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता धनंजय मुंडे का करीबी सहयोगी है।
मुंडे बीड जिले के परली विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।
बीड के मासाजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख की नौ दिसंबर को अगवा कर हत्या कर दी गयी थी।
पुलिस ने अब तक हत्या के सिलसिले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। कराड इससे जुड़े जबरन वसूली मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक है।
ऑडियो क्लिप की शुरुआत नासिक के एक व्यक्ति द्वारा कराड को कथित तौर पर कॉल करने से होती है और इसमें उसे कराड को ‘अन्ना’ कहकर संबोधित करते हुए सुना जा सकता है।
फोन के दौरान कथित तौर पर व्यक्ति कराड को सूचित करता है कि उसे बीड के एक थाने से फोन आने लगे हैं। फिर अन्ना उस व्यक्ति को संबंधित पुलिस अधिकारी का नंबर साझा करने के लिए कहता है।
वह व्यक्ति एक महिला पुलिस उपनिरीक्षक का फोन नंबर देता है।
इसके बाद कराड, उस महिला पुलिसकर्मी को कथित तौर पर कॉल करता है और खुद के बारे में बताता है।
कराड, पुलिसकर्मी को ‘ताई’ (बहन) कहकर संबोधित करते हुए उसे नासिक से कॉल करने वाले के खिलाफ कार्रवाई न करने को कहता है।
महिला पुलिसकर्मी कराड को बताती है कि चूंकि सोशल मीडिया पोस्ट हटा दी गई है, इसलिए अब कोई समस्या नहीं है।
पुलिसकर्मी द्वारा फोन काटने के बाद कराड नासिक से कॉल करने वाले व्यक्ति को इस मुद्दे को भूल जाने के लिए कहता है और कहता है ‘इथे बाप बसलेत’, जिसका शाब्दिक अर्थ है ‘यहां बाप बैठे हैं’।
सरपंच की हत्या से जुड़े जबरन वसूली के मामले में आरोपी कराड, सुदर्शन घुले और विष्णु चाटे का एक वीडियो क्लिप पिछले सप्ताह सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें तीनों आरोपी एक साथ घूमते हुए नजर आ रहे थे।
कथित वीडियो में एक पुलिस अधिकारी भी आरोपी तीनों के साथ मौजूद लोगों के समूह में दिखाई दे रहा है, जिसे अब निलंबित कर दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY