Maharashtra: उद्धव ठाकरे गुट के शिवसेना कार्यकर्ता पर कल्याण में हमला
ठाणे जिले के कल्याण में उद्धव ठाकरे गुट के एक शिवसेना कार्यकर्ता पर बुधवार की सुबह कुछ अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर हमला कर दिया. पुलिस ने यह जानकारी दी.
ठाणे (महाराष्ट्र), 20 जुलाई : ठाणे जिले के कल्याण में उद्धव ठाकरे गुट के एक शिवसेना कार्यकर्ता पर बुधवार की सुबह कुछ अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर हमला कर दिया. पुलिस ने यह जानकारी दी. एक अधिकारी ने बताया कि शिवसेना की कल्याण शहर इकाई के उपाध्यक्ष हर्षवर्धन पलांडे इस हमले में घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
कोलशेवाड़ी पुलिस थाने के निरीक्षक एस.जी.गवली ने बताया कि यह घटना कल्याण पूर्व में पुणे लिंक रोड पर हुई. उन्होंने बताया कि एक कार में आए चार-पांच लोगों ने पलांडे पर डंडे, लोहे की छड़ और चाकू से हमला कर दिया. पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है क्योंकि पलांडे का बयान अभी दर्ज नहीं किया जा सका है. यह भी पढ़ें : CWG 2022 में भाग लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों से बोले PM मोदी- ‘दुनिया पर छा जाने का सुनहरा अवसर’
गौरतलब है कि मुंबई के पड़ोसी जिले ठाणे को शिवसेना के बागी नेता और अब मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का मजबूत गढ़ माना जाता है. शिंदे द्वारा पिछले महीने उद्धव ठाकरे के खिलाफ बगावत किए जाने के बाद यहां के कई शिवसेना कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया था और बागी गुट में शामिल हो गए हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 20, 2022 04:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

