एजेंसी न्यूज

Maharashtra: रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन ठाणे में जुलूस पर हमला, दो लोग गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित भव्य मंदिर में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन महाराष्ट्र के ठाणे जिले में निकाले गए जुलूस पर लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर हमला कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है.

Maharashtra: रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन ठाणे में जुलूस पर हमला, दो लोग गिरफ्तार
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

ठाणे, 24 जनवरी : उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित भव्य मंदिर में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन महाराष्ट्र के ठाणे जिले में निकाले गए जुलूस पर लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर हमला कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी. पडघा पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि सोमवार रात आठ बजकर 30 मिनट पर हुई इस घटना में दो से तीन लोग घायल हो गए हैं. उन्होंने बताया कि पडघा क्षेत्र के बोरीवली गांव में जुलूस निकाला जा रहा था, जिसमें कुछ मोटरसाइकिल सवार और पैदल श्रद्धालु शामिल थे. अधिकारी ने बताया कि हथियारबंद लगभग 15 लोगों के एक समूह ने उन्हें रोका और छड़, डंडों और नुकीले हथियार से उन पर कथित रूप से हमला कर दिया.

उन्होंने बताया कि हमलावरों ने कुछ मोटरसाइकिलों को भी तोड़ दिया. पीड़ितों में से एक ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि हमलावरों ने मोटरसाइकिल से भगवान राम की तस्वीर वाला केसरिया झंडा खींच कर उसे फाड़ दिया, और कुछ मोइटरसाइकिलों को भी नुकसान पहुंचाया. पुलिस ने मंगलवार को घटना के संबंध में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया. अधिकारी ने बताया कि अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है. पुलिस ने बताया कि घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह भी पढ़ें : नवी मुंबई के होटल के शेफ के खिलाफ महिला सहकर्मी से छेड़छाड़ का मामला दर्ज

इससे पहले, रविवार रात ठाणे जिले के मुस्लिम बहुल इलाके नया नगर में आयोजित एक रैली के दौरान दो समुदायों के सदस्यों के बीच संघर्ष हुआ था. एक अधिकारी के मुताबिक, पुलिस ने 50-60 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया और उनमें से 13 को हिरासत में ले लिया है. पुलिस अधिकारियों ने पहले कहा था कि सोमवार को अयोध्या स्थित राम मंदिर में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर ठाणे जिले के मीरा रोड इलाके में निकाले गए जुलूस पर उपद्रवियों ने पथराव कर दिया. उन्होंने बताया कि पथराव की वजह से, जुलूस में शामिल लोग और उसकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी घायल हो गए. घायलों की संख्या नहीं बताई गई है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 24, 2024 11:04 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).