देश की खबरें | महाराष्ट्र : '19 बंगलों' का मुद्दा सामने आने के बाद मुरुड तालुका में पंचायत ने कार्यालय बंद रखा

अलीबाग, चार अगस्त महाराष्ट्र के एक गांव ने 19 बंगलों के लेकर बढ़ते विवाद के बाद अपने पंचायत और स्थानीय निकाय कार्यालय को बंद रखने का फैसला किया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दावा है कि इन बंगलों का संबंध शिवसेना-उद्धव बाला साहेब ठाकरे (शिवसेना-यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे और उनके सहयोगी रवींद्र वायकर से है।

रायगढ़ जिले के मुरुड तालुका में कोरलाई गांव की सरपंच राजश्री मिसाल के मुताबिक, पुलिस के मामलों और बहुत ज्यादा राजनीतिक विवाद की वजह से जुलाई के अंतिम सप्ताह में उन्हें यह फैसला लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।

भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने 19 बंगलों के निर्माण को लेकर अनियमितताओं का आरोप लगाया था, जिसके बाद यह तटीय गांव सुर्खियों में आया। पार्टी का दावा है कि ये बंगले ठाकरे और वायकर से संबंधित हैं।

मिसाल ने कहा कि मामले की जांच से पंचायत कार्यालय का रोजाना का काम बाधित हो रहा था।

उन्होंने कहा कि अभी तक आठ ग्राम विकास अधिकारियों और पांच पूर्व सरपंचों के खिलाफ मामले दर्ज किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी कोरलाई में ग्राम विकास अधिकारी का पदभार ग्रहण करने के लिए तैयार नहीं है।

ये मामले तब सामने आये, जब जिला परिषद ने 2005 से 2022 तक कोरलाई में और उसके आसपास स्थित 316 ढांचों के जमीन रिकॉर्ड और वास्तविक स्थिति की जांच की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)