पुणे (महाराष्ट्र), सात जनवरी महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले की एक जेल में, हत्या के जुर्म में सजा काट रहे 49 वर्षीय कैदी की कथित तौर पर जेल में झगड़े के चलते मौत हो गई।
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि हत्या के एक मामले में वह उम्रकैद काट रहा था। बृहस्पतिवार शाम अचानक वह आक्रामक हो गया और उसने अपने एक साथी कैदी पर हमला कर दिया। दूसरे कैदियों ने उसे रोकने की कोशिश की और इससे मारपीट शुरू हो गई।
यह घटना पुणे से लगभग 230 किलोमीटर दूर कोल्हापुर की कलांबा जेल में हुई, जब कैदी जेल के एक हिस्से में टीवी देख रहे थे।
जेल अधिकारियों के अनुसार, हत्या का दोषी निशिकांत कांबले किसी मानसिक बीमारी की दवाएं लेता था। जेल अधीक्षक चंद्रमणि इंदुलकर ने कहा, ‘‘ बृहस्पतिवार को, जब कैदी जेल के एक हिस्से में टीवी देख रहे थे, कांबले ने कथित तौर पर किसी बात पर बहस होने के बाद अपने एक साथी कैदी पर एक टाइल से हमला कर दिया। इसके बाद बाकी कैदियों ने कांबले को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान, कांबले अक्रामक हो गया और अन्य कैदियों पर भी हमले की कोशिश करने लगा। तभी, बाकी कैदियों ने लात और घूंसे मारकर उसे जमीन पर गिरा दिया।’’
घटना के दौरान कोई कारागार कर्मी मौके पर मौजूद नहीं था।
इंदुलकर ने कहा, ‘‘ जेल के कर्मचारियों को कांबले बेहोश मिला और उन्हें लगा कि शायद उसके सीने में दर्द है या रक्तचाप संबंधी परेशानी है। वह उसे अस्पताल ले गए और वहां इलाज के दौरान रात करीब 10 बजकर 45 मिनट पर उसकी मौत हो गई।’’
उन्होंने बताया कि कांबले ने 2003 में कोल्हापुर में अपने एक दोस्त की हत्या कर दी थी जिसके जुर्म में उसे उम्रकैद की सजा हुई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY