एजेंसी न्यूज

Maharashtra: मंत्री विधानसभा में फोन पर गेम खेलते दिखे, रोहित पवार ने साधा राकांपा पर निशाना

महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा)-शरदचंद्र पवार (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने सत्तारूढ़ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की आलोचना करते हुए रविवार को कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से सलाह-मशविरा किए बिना कोई काम नहीं कर सकती.

Maharashtra: मंत्री विधानसभा में फोन पर गेम खेलते दिखे, रोहित पवार ने साधा राकांपा पर निशाना
(Photo Credits ANI)

नागपुर, 20 जुलाई : महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा)-शरदचंद्र पवार (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने सत्तारूढ़ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की आलोचना करते हुए रविवार को कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से सलाह-मशविरा किए बिना कोई काम नहीं कर सकती. पवार ने महाराष्ट्र सरकार में मंत्री माणिकराव कोकाटे का एक कथित वीडियो ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, जिसमें उन्हें राज्य विधानसभा में अपने मोबाइल फोन पर गेम खेलते हुए देखा जा सकता है.

राकांपा (एसपी) के विधायक ने पोस्ट में लिखा, “सत्तारूढ़ राकांपा गुट भाजपा से सलाह-मशविरा किए बिना काम नहीं कर सकता. यही वजह है कि राज्य में कृषि से जुड़े कई मुद्दे लंबित होने और रोजाना आठ किसानों द्वारा आत्महत्या किए जाने के बावजूद कृषि मंत्री के पास कोई काम नहीं है और वह रमी खेलने में व्यस्त दिखते हैं.” बार-बार प्रयास किये जाने के बावजूद राकांपा और मंत्री कोकाटे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी. इस बीच, कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने महायुति सरकार पर किसानों के साथ ‘धोखेबाजी’ और ‘विश्वासघात’ करने का आरोप लगाया. वडेट्टीवार ने पत्रकारों से कहा कि राज्य में किसान मर रहे हैं और कृषि मंत्री अपने मोबाइल फोन पर गेम खेल रहे हैं. यह भी पढ़ें : Marathi vs Hindi Controversy: अब मुंबई की लोकल ट्रेन में पहुंचा भाषा विवाद, मराठी न बोलने को लेकर महिलाओं के बीच हुई गालीगलौज;VIDEO

उन्होंने कहा, “इस धोखेबाज और विश्वासघाती सरकार को किसानों की कोई चिंता नहीं है. मैं किसानों से अपील करता हूं कि वे उन्हें सबक सिखाएं.” मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता आदित्य ठाकरे की मुंबई के एक होटल में मुलाकात की खबरों के बारे में पूछे जाने पर वडेट्टीवार ने कहा कि दोनों अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए होटल में थे और उनकी मुलाकात नहीं हुई. उन्होंने कहा, “अगर उनकी मुलाकात भी हुई, तो जरूरी नहीं कि सभी मुलाकातें राजनीतिक हों.”

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 20, 2025 02:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).