देश की खबरें | महाराष्ट्र: लड़की का पीछा करने के मामले में पिटाई के बाद व्यक्ति ने आत्महत्या की

ठाणे, 16 अक्टूबर महाराष्ट्र के ठाणे जिले में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने एक व्यक्ति को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में कुछ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बुधवार को बताया कि पालघर जिले के रोशन पटेल नामक व्यक्ति की 24 सितंबर को ठाणे जिले में जेएनपीटी की ओर जा रही एक मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई थी।

जीआरपी के वरिष्ठ निरीक्षक किरण उंद्रे ने बताया, “पटेल की मौत से कुछ दिन पहले एक लड़की का पीछा करने के आरोप में कुछ लोगों ने उसकी पिटाई की थी। तब से वह अवसाद में था।”

उन्होंने बताया कि पुलिस ने पटेल को आत्महत्या के लिए मजबूर करने को लेकर पालघर जिले के चिंचोटी के निवासी शिवा नामक व्यक्ति और कुछ अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि अभी किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

उंद्रे के अनुसार पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन से एक वीडियो संदेश बरामद किया है, जिसमें उसने आत्महत्या की वजह बताते हुए आरोपियों को इसका जिम्मेदार बताया है।

उन्होंने कहा कि इस वीडियो संदेश को सुसाइड नोट मानते हुए मामला दर्ज किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)