देश की खबरें | महाराष्ट्र के राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित अन्य नेताओं ने दी आंबेडकर को श्रद्धांजलि

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस और अजित पवार ने संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की 67वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुंबई, छह दिसंबर महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस और अजित पवार ने संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की 67वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

आंबेडकर की पुण्यतिथि को ‘महापरिनिर्वाण दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।

बाबा साहेब की पुण्यतिथि के मौके पर नेताओं ने मुंबई के दादर इलाके में शिवाजी पार्क में उनके स्मारक ‘चैत्यभूमि’ पर पुष्पांजलि अर्पित की।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के संस्थापक शरद पवार और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी ‘चैत्यभूमि’ पर पहुंचकर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि दी।

शरद पवार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आंबेडकर को समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए लड़ने के वास्ते सामाजिक क्रांति लाने वाले व्यक्ति के रूप में वर्णित किया।

शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) ने कहा कि स्मारक पर बड़ी संख्या में अनुयायियों की मौजूदगी आंबेडकर के काम और उनकी विचारधारा का प्रमाण है।

हर साल छह दिसंबर को राज्य भर से हजारों लोग 'चैत्यभूमि' पर एकत्र होते हैं। बाबा साहेब आंबेडकर का निधन छह दिसंबर 1956 को हुआ था।

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने आंबेडकर के अनुयायियों की भारी भीड़ को देखते हुए शिवाजी पार्क में अस्थायी शेड, शौचालय, पेयजल और चिकित्सा शिविर स्थापित किए हैं।

नगर निगम ने इस अवसर पर एक फोटो प्रदर्शनी भी आयोजित की है और बाबा साहेब के जीवन वृतांत पर आधारित एक पुस्तक प्रकाशित की है।

महाराष्ट्र सरकार ने घोषणा की है कि आंबेडकर की पुण्यतिथि के अवसर पर छह दिसंबर को मुंबई में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।

सरकार द्वारा मंगलवार को जारी एक परिपत्र के अनुसार, बुधवार को डॉ. आंबेडकर की पुण्यतिथि पर मुंबई और उसके उप-जिलों में सभी सरकारी और प्रशासनिक कार्यालय बंद रहेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\