एजेंसी न्यूज

Maharashtra: दुकानदार को मोहपाश में फंसाकर 6.9 लाख रुपये वसूलने के मामले में महिला समेत चार गिरफ्तार

महाराष्ट्र के ठाणे शहर में पुलिस ने एक दुकानदार को मोहपाश में फंसाने और उससे 6.9 लाख रुपये की वसूली करने के आरोप में एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी.

Maharashtra: दुकानदार को मोहपाश में फंसाकर 6.9 लाख रुपये वसूलने के मामले में महिला समेत चार गिरफ्तार
प्रतिकात्मक तस्वीर (Photo Credits Pixabay)

ठाणे, 17 मई: महाराष्ट्र के ठाणे शहर में पुलिस ने एक दुकानदार को मोहपाश में फंसाने और उससे 6.9 लाख रुपये की वसूली करने के आरोप में एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि आरोपी महिला पिछले साल सितंबर में श्रीनगर इलाके में स्थित चश्मे की दुकान पर पहुंची थी, जिसके बाद उसकी दुकान के मालिक से दोस्ती हो गई थी. यह भी पढ़ें: Bihar: पुलिस ने मोतिहारी से 'शराब वाली हसीना' को किया गिरफ्तार, शराब की करती थी होम डिलीवरी

पुलिस के एक प्रवक्ता ने एक विज्ञप्ति में बताया कि महिला ने बातों-बातों में दुकानदार की हमदर्दी हासिल कर उससे कुछ पैसे ऐंठ लिए. विज्ञप्ति के मुताबिक, एक अप्रैल 2023 को आरोपी महिला ने दुकानदार को किसी काम के बहाने ठाणे चेक नाका पर बुलाया और कपड़े खरीदने में उसकी मदद मांगी.

विज्ञप्ति के अनुसार, जब दुकानदार महिला को अपने स्कूटर पर बैठाकर पास की एक दुकान ले जा रहा था, तभी उसके पति ने दोनों को साथ देख लिया. पुलिस के मुताबिक, इसके बाद महिला के पति ने दो अन्य युवकों के साथ मिलकर दुकानदार को उसकी और अपनी पत्नी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालने की धमकी दी.

एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपी महिला के पति ने दुकानदार को यह भी धमकी दी कि वह उसके खिलाफ अपनी पत्नी से छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस में शिकायत दर्ज कराएगा. अधिकारी ने कहा कि आरोपी ने समय-समय पर दुकानदार ब्लैकमेल कर उससे कथित तौर पर कुल 6.9 लाख रुपये की वसूली की. उन्होंने बताया कि महिला के पति ने दुकानदार से 50,000 रुपये और मांगे, जिसके बाद उसने शनिवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

अधिकारी के मुताबिक, श्री नगर पुलिस ने रविवार को जाल बिछाकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि आरोपियों पर शिकायतकर्ता को ब्लैकमेल करने और उससे पैसे ऐंठने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है तथा जांच की जा रही है.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 17, 2023 10:32 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).