मुंबई, 30 अगस्त महाराष्ट्र में अब वाहनों पर लगी ऐसी फैंसी नंबर प्लेट जल्द ही अतीत का हिस्सा बन सकती है जिन पर 'राम', 'दादा', 'बॉस', 'पापा' जैसे शब्द लिखे होंगे। दरअसल राज्य सरकार सभी वाहनों पर उच्च सुरक्षा पंजीकरण प्लेट (एचएसआरपी) लगाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
महाराष्ट्र मोटर वाहन विभाग ने अप्रैल 2019 से पहले राज्य में पंजीकृत सभी वाहनों पर उच्च सुरक्षा पंजीकरण प्लेट (एचएसआरपी) लगाने के लिए बुधवार को बोलियां आमंत्रित कीं। केंद्र ने एक अप्रैल, 2019 से देश में पंजीकृत प्रत्येक नये वाहन के लिए एचएसआरपी अनिवार्य कर दिया था।
अधिकारियों के मुताबिक, मोटर वाहन विभाग इस काम के लिए एक 'कॉन्ट्रेक्टर' का चयन करने के बाद 12 महीने के भीतर सभी वाहनों पर एचएसआरपी लगाने की योजना बना रहा है।
उन्होंने कहा कि अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो एचएसआरपी लगाने की प्रक्रिया अगले साल की शुरुआत से शुरू हो सकती है और 2024 के अंत से पहले सभी पुराने वाहनों पर एचएसआरपी लगा दी जाएगी।
संयुक्त परिवहन आयुक्त (कंप्यूटर) का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे उप क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संदेश चव्हाण ने कहा कि अप्रैल 2019 से पहले महाराष्ट्र में पंजीकृत वाहनों पर एचएसआरपी लगाने के लिए बोलियां आमंत्रित की गई हैं।
अप्रैल 2019 से पहले महाराष्ट्र में पंजीकृत वाहनों के लिए एचएसआरपी अनिवार्य नहीं थीं।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि राज्य में लगभग चार करोड़ वाहन हैं और सफल बोली लगाने वाले को काम मिलने के बाद एक साल के भीतर 1.25 करोड़ वाहनों में एचएसआरपी लगाना होगा।
उन्होंने कहा कि ग्राहकों को एचएसआरपी की लागत वहन करनी होगी।
जितेंद्र
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY