देश की खबरें | महाराष्ट्र: भाजपा विधायक ने आव्हाड के परिवार को कथित धमकी मिलने संबंधी मामले की जांच की मांग की

ठाणे, 18 फरवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय विधायक संजय केलकर ने उस ऑडियो क्लिप की जांच की मांग की है जिसमें नगर निगम के एक अधिकारी ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता जितेंद्र आव्हाड के परिवार को कथित तौर पर धमकियां दी गई हैं।

उन्होंने नगर निकाय पर अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।

भाजपा नेता ने कहा कि वह विधानसभा में भी कई बार ठाणे नगर निगम (टीएमसी) प्रशासन के सामने अवैध ढांचों का मुद्दा उठा चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि यह सही समय है, जब सरकार कथित ऑडियो क्लिप और ‘‘ऐसे अधिकारियों की पृष्ठभूमि’’ की जांच करे।

ठाणे के सहायक नगर आयुक्त महेश अहीर को हाल में एक ऑडियो क्लिप के वायरल होने के बाद राकांपा कार्यकर्ताओं द्वारा कथित रूप से पीटा गया था।

आव्हाड और छह अन्य के खिलाफ मामले में मामला दर्ज किया गया था।

एक अदालत ने निकाय अधिकारी पर कथित हमले के मामले में आव्हाड को गिरफ्तारी से शुक्रवार को अंतरिम राहत दे दी थी।

आव्हाड ने कहा कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के आश्वासन के बावजूद उनके परिवार को अभी तक सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई है।

उन्होंने पूछा, ‘‘अगर हमारे परिवार के सदस्यों को कुछ होता है तो कौन जिम्मेदार होगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)