मुंबई, 24 अप्रैल शिवसेना (यूबीटी) ने नवी मुंबई के खारघर में महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार समारोह के दौरान भीषण गर्मी एवं लू लगने से हुई 14 लोगों की मौत की सोमवार को उच्च स्तरीय जांच कराये जाने की मांग की।
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के एक प्रतिनिधिमंडल ने महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस से मुलाकात की और यह मुद्दा उठाया। महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पुरस्कार समारोह के दौरान लोगों की मौत लू लगने और निर्जलीकरण से हुई लेकिन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार संख्या छिपाने की कोशिश कर रही है।
शिवसेना (यूबीटी) के प्रतिनिधिमंडल ने साथ ही राज्यपाल से यह सुनिश्चित करने को कहा कि इस त्रासदी के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपा जिसमें कहा गया, ‘‘यह मानव निर्मित त्रासदी है और इससे राज्य की छवि खराब हुई है। ’’
ज्ञापन में कहा गया है कि हादसे के लिए शिंदे सरकार पूरी तरह से जिम्मेदार है क्योंकि अधिकारियों ने पुरस्कार समारोह में उचित व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की थी।
महाराष्ट्र सरकार के अनुसार, 16 अप्रैल को खारघर में प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता अप्पासाहेब धर्माधिकारी को सम्मानित करने के लिए आयोजित महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार समारोह में कई घंटों तक धूप में रहने के बाद भीषण गर्मी और लू लगने के कारण 14 लोगों की मौत हो गई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY