देश की खबरें | महाराष्ट्र एटीएस ने झारखंड के इनामी माओवादी को पकड़ा

मुंबई, 18 सितंबर झारखंड के 15 लाख रुपये के इनामी माओवादी को महाराष्ट्र के आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने रविवार को पालघर जिले से पकड़ लिया। एटीएस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, झारखंड पुलिस की वेबसाइट पर दीपक यादव उर्फ कारु हुलास यादव का नाम ‘‘सबसे वांछित नक्सलियों’’ की सूची में लिखा है।

एटीएस अधिकारी ने बताया कि झारखंड में प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की क्षेत्रीय समिति का सदस्य यादव (45) इलाज कराने के लिए महाराष्ट्र आया था।

उन्होंने बताया कि एटीएस ने तड़के एक अभियान के तहत मुंबई से करीब 50 किलोमीटर दूर पालघर जिले के नालासोपारा इलाके में एक चॉल पर छापा मारा और उसे पकड़ लिया।

अधिकारी ने कहा कि एटीएस उससे पूछताछ कर रही है। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र एटीएस की ठाणे इकाई को यादव के बारे में खुफिया सूचना मिली थी जिसके बाद छापेमारी की गई।

उन्होंने बताया कि झारखंड के हजारीबाग के रहने वाले यादव के बाएं पैर में एक घाव था तथा वह पिछले दो महीने से इलाज के लिए नालासोपारा में था। उन्होंने कहा कि वह 2004 से भाकपा (माओवादी) की गतिविधियों में सक्रिय था।

अधिकारी ने कहा कि झारखंड पुलिस को इसके बारे में सूचना दे दी गई है और झारखंड से पुलिस का एक दल आज शाम मुंबई पहुंचेगा।

उन्होंने बताया कि यादव को स्थानीय अदालत में पेश करने के बाद झारखंड पुलिस को सौंपा जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)