एजेंसी न्यूज

Maharashtra Election Result 2024: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतों की गिनती प्रारंभ, महायुति और एमवीए के बीच कड़े मुकाबले में किसकी बनेगी सरकार

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतों की गिनती शनिवार सुबह आठ बजे शुरू हो गई. इस चुनाव में सभी की निगाहें सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत महायुति और सत्ता में वापसी की कोशिश में जुटे महा विकास आघाडी (एमवीए) के बीच मुकाबले के नतीजे पर टिकी हैं.

Maharashtra Election Result 2024: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतों की गिनती प्रारंभ, महायुति और एमवीए के बीच कड़े मुकाबले में किसकी बनेगी सरकार
(Photo Credits FB)

मुंबई, 23 नवंबर : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतों की गिनती शनिवार सुबह आठ बजे शुरू हो गई. इस चुनाव में सभी की निगाहें सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत महायुति और सत्ता में वापसी की कोशिश में जुटे महा विकास आघाडी (एमवीए) के बीच मुकाबले के नतीजे पर टिकी हैं.एक चुनाव अधिकारी ने बताया कि राज्य के सभी मतगणना केंद्रों पर सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हो गई. टीवी चैनलों की रिपोर्ट के अनुसार, मतगणना के शुरुआती रुझान में भाजपा के नेतृत्व वाला महायुति गठबंधन 31 सीट पर आगे है, जबकि एमवीए 18 सीट पर आगे है. निर्वाचन आयोग की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई बयान नहीं आया है.

अधिकारी ने बताया कि मतगणना केंद्रों पर अधिकारियों ने सबसे पहले डाक मतपत्रों की जांच और गिनती शुरू की, जबकि ईवीएम मतों की गिनती सुबह 8.30 बजे शुरू हुई. प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 20 दौर की मतगणना होगी. नांदेड़ लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए मतों की गिनती भी सुबह आठ बजे शुरू हुई. मतों की गिनती के लिए कुल 288 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं. एक अधिकारी ने बताया कि कुल 288 मतगणना पर्यवेक्षक प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की निगरानी करेंगे, जबकि नांदेड़ लोकसभा उपचुनाव में मतगणना की निगरानी के लिए दो पर्यवेक्षकों को नियुक्त किया गया है. यह भी पढ़ें : Jharkhand Election Results 2024: झारखंड में 81 सीटों की मतगणना शुरू, शाम 5 बजे तक तय होगा, किसकी बनेगी सरकार

महायुति गठबंधन में भारतीय जनता पार्टी ने 149 विधानसभा सीट पर, शिवसेना ने 81 सीट पर और अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने 59 निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारे थे. विपक्ष के एमवीए गठबंधन में, कांग्रेस ने 101 उम्मीदवार, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने 95 और राकांपा (शरदचंद्र पवार) ने 86 उम्मीदवार खड़े किए. बहुजन समाज पार्टी (बसपा) एवं ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) जैसी पार्टी ने भी चुनाव लड़ा, जिसमें बसपा ने 237 उम्मीदवार और एआईएमआईएम ने 17 उम्मीदवार खड़े किये. वर्तमान राज्य विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 23, 2024 08:42 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).