Maharashtra GBS Case: जीबीएस के डर के बीच अजित पवार ने लोगों से अधपका चिकन न खाने को कहा
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने ‘गिलियन-बैरे सिंड्रोम’ (जीबीएस) के हाल ही में सामने आए मामलों के बीच शनिवार को लोगों से एहतियात के तौर पर अधपका चिकन खाने से बचने का आग्रह किया.
पुणे, 16 फरवरी : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने ‘गिलियन-बैरे सिंड्रोम’ (जीबीएस) के हाल ही में सामने आए मामलों के बीच शनिवार को लोगों से एहतियात के तौर पर अधपका चिकन खाने से बचने का आग्रह किया. पवार ने पुणे में पत्रकारों को संबोधित करते हुए इस बीमारी के मुर्गी पालन से जुड़ी चिंताओं को हल किया और स्पष्ट किया कि मुर्गियों को मारने की कोई आवश्यकता नहीं है. महाराष्ट्र में जीबीएस के सबसे अधिक मामले सामने आए हैं.
पवार ने कहा, “हाल ही में, खड़कवासला बांध क्षेत्र (पुणे में) में जीबीएस प्रकोप की सूचना मिली थी. कुछ ने इसे पानी के संदूषण से जोड़ा जबकि दूसरों ने अनुमान लगाया कि यह चिकन खाने के कारण हुआ था. विस्तृत समीक्षा के बाद, यह निष्कर्ष निकाला गया कि मुर्गियों को मारने की कोई आवश्यकता नहीं है.” उन्होंने लोगों को सलाह दी कि वे अपने भोजन, खास तौर पर चिकन को अच्छी तरह से पकाकर खाएं ताकि स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं से बचा जा सके. जीबीएस संक्रमण दूषित पानी और भोजन, खास तौर पर ‘कैंपिलोबैक्टर जेजुनी बैक्टीरिया’ वाले भोजन से हो सकता है. यह भी पढ़ें : नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़, महाकुंभ जा रहे 18 लोगों की मौत, मुआवजे का ऐलान, प्रशासन पर उठे सवाल
उन्होंने कहा, “चिकित्सक भी सलाह देते हैं कि भोजन को अच्छी तरह से पकाया जाना चाहिए. जीबीएस की स्थिति नियंत्रण में है और मुर्गियों को मारने की कोई जरूरत नहीं है.’’ स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, इस बीच शनिवार को जीबीएस का एक नया मामला सामने आया, जिससे राज्य में संदिग्ध और पुष्टि किए गए कुल मामलों की संख्या 208 हो गई.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 16, 2025 12:56 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

