देश की खबरें | महाराष्ट्र : वाल्मिक कराड से जुड़े व्यक्ति के पिता के खिलाफ शराब की बिक्री को लेकर मामला दर्ज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र पुलिस ने उस व्यक्ति के पिता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, जिसकी कार से जबरन वसूली मामले का आरोपी वाल्मीक कराड पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने के लिए पहुंचा था। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
छत्रपति संभाजीनगर, 29 जनवरी महाराष्ट्र पुलिस ने उस व्यक्ति के पिता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, जिसकी कार से जबरन वसूली मामले का आरोपी वाल्मीक कराड पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने के लिए पहुंचा था। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
कराड से जुड़े व्यक्ति के पिता पर गणतंत्र दिवस के दिन मद्य निषेध दिवस पर शराब की ब्रिकी करने का आरोप है।
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता धनंजय मुंडे के सहयोगी वाल्मिक कराड ने बीड जिले के मासाजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख की हत्या से जुड़े जबरन वसूली के मामले में 31 दिसंबर, 2024 को पुणे में अपराध जांच विभाग (सीआईडी) कार्यालय में आत्मसमर्पण किया था।
पुलिस के अनुसार, कराड द्वारा इस्तेमाल की गई कार शिवलिंग मोराले नामक व्यक्ति की थी।
पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि बीड में नेकनूर पुलिस ने रविवार को शिवलिंग मोराले के पिता पांडुरंग मोराले और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मद्य निषेध दिवस पर कथित तौर पर शराब बेचने के सिलसिले में महाराष्ट्र निषेध अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने बीड में करेगाव्हान रोड स्थित एक बार के पास से आरोपी के पास से देशी शराब की 39 बोतलें भी जब्त कीं और उसे नोटिस जारी किया।
उल्लेखनीय है कि बीड से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के सांसद बजरंग सोनावणे ने इस महीने की शुरुआत में आरोप लगाया था कि जबरन वसूली के मामले में वाल्मिक कराड जिस कार में आत्मसमर्पण करने पहुंचा था, वह पहले महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के काफिले का हिस्सा थी।
बीड जिले के मासाजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख का नौ दिसंबर को अपहरण करने के बाद उन्हें प्रताड़ित किया गया, फिर उनकी हत्या कर दी गई थी। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि सरपंच ने क्षेत्र में पवनचक्की परियोजना संचालित करने वाली एक ऊर्जा कंपनी से जबरन वसूली की कोशिश को नाकाम करने का प्रयास किया था।
बीड जिले के परली से राकांपा विधायक धनंजय मुंडे, कराड के साथ संबंधों को लेकर सत्तारूढ़ गठबंधन के कुछ सहयोगियों और विपक्ष के निशाने पर हैं।
पुलिस ने अब तक हत्या के सिलसिले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि कराड संबंधित जबरन वसूली मामले में गिरफ्तार आरोपियों में से एक है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 29, 2025 10:16 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

