देश की खबरें | पॉक्सो कानून के तहत हिरासत में बंद महंत को मिली जमानत

चित्रदुर्ग (कर्नाटक), 16 नवंबर चित्रदुर्ग मुरुगराजेंद्र बृहन मठ के महंत शिवमूर्ति शरण को बृहस्पतिवार को यहां जेल से रिहा कर दिया गया जो पॉक्सो कानून के तहत आरोपों में पिछले साल सितंबर से हिरासत में थे।

कर्नाटक उच्च न्यायालय ने उन्हें आठ नवंबर को जमानत दे दी।

चित्रदुर्ग के द्वितीय अतिरिक्त जिला और सत्र न्यायालय ने बुधवार को जिला कारागार के अधिकारियों को निर्देश दिया कि उच्च न्यायालय द्वारा तय शर्तों को देखकर और दस्तावेजों का सत्यापन कर महंत को रिहा किया जाए।

अधिकारियों ने बताया कि आदेश की प्रति समय पर संबंधित अधिकारियों को नहीं पहुंची, इसलिए महंत को रिहा नहीं किया जा सका था।

उन्होंने कहा कि जमानत की शर्तों के अनुसार उन्हें चित्रदुर्ग के बाहर भेजा जाएगा।

खबरों के अनुसार वह मठ की दावणगेरे शाखा में रह सकते हैं।

मैसुरू के एक गैर-सरकारी संगठन ने महंत और चार अन्य के खिलाफ शिकायत दायर कर आरोप लगाया था कि उन्होंने मठ के विद्यालय में पढ़ने वाले और उसके छात्रावास में रहने वाले नाबालिग बच्चों का यौन उत्पीड़न किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)