देश की खबरें | महादेव ऐप: केंद्र को प्रतिबंध की मांग वाला कोई पत्र नहीं मिला-केंद्रीय मंत्री चंद्रशेखर

भोपाल, छह नवंबर केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने सोमवार को कांग्रेस के इस दावे को खारिज किया कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महीनों पहले विवादास्पद महादेव ऐप पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई थी लेकिन केंद्र कार्रवाई करने में विफल रहा।

चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक 'नई कहानी' बना रही है कि उसने दो महीने पहले ही केंद्र को पत्र लिखा था।

कांग्रेस पर पलटवार करते हुए इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री ने आरोप लगाया कि बघेल सरकार ने जानबूझकर जांच को डेढ़ साल तक खींचा क्योंकि वह सट्टेबाजी ऐप के जरिए 508 करोड़ रुपये हासिल करना चाहती थी।

केंद्र ने रविवार को प्रवर्तन निदेशालय के अनुरोध पर महादेव ऐप और रेड्डीअन्नाप्रिस्टोप्रो के साथ-साथ 20 अन्य अवैध सट्टेबाजी मंचों को रोकने के आदेश जारी किए।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में सोमवार को कहा कि प्रवर्तन निदेशालय कई महीनों से महादेव ऐप मामले की जांच कर रहा है, लेकिन यह "आश्चर्यजनक" है कि इसे प्रतिबंधित करने में इतना समय लगा।

रमेश ने आरोप लगाया, ''महादेव ऐप पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी सबसे पहले 24 अगस्त, 2023 को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उठाई थी। उनकी प्रशंसा करने के बजाय, प्रधानमंत्री ने उनके खिलाफ ईडी को लगा दिया।''

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री इस तथ्य के बारे में "स्पष्ट रूप से झूठ बोल रहे हैं" कि छत्तीसगढ़ सरकार ने महादेव ऐप पर प्रतिबंध लगाने की मांग नहीं की थी।

चन्द्रशेखर ने भोपाल में ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘ उन्होंने (छत्तीसगढ़ सरकार) डेढ़ साल पहले सट्टेबाजी ऐप की जांच की थी। यह छह मिनट की समस्या है कि यह एक अवैध ऐप है या असली।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)