देश की खबरें | मध्यप्रदेश के पहले ‘‘शून्य अपशिष्ट’’ चिड़ियाघर की कवायद शुरू

इंदौर, 13 फरवरी देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय को ‘‘शून्य अपशिष्ट’’ वाला मध्यप्रदेश का पहला चिड़ियाघर बनाने की योजना तैयार की गई है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इसके तहत चिड़ियाघर से निकलने वाले शत प्रतिशत कचरे का निपटारा इस परिसर के भीतर ही किया जाएगा।

इंदौर नगर निगम के आयुक्त शिवम वर्मा ने संवाददाताओं को बताया कि कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय को ‘‘शून्य अपशिष्ट’’ वाला राज्य का पहला चिड़ियाघर बनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

उन्होंने कहा,‘‘शून्य अपशिष्ट परिसर की परिकल्पना के तहत हम चिड़ियाघर से निकलने वाले शत फीसद कचरे का निपटारा इस परिसर के भीतर ही करेंगे।’’

वर्मा ने बताया कि चिड़ियाघर से निकलने वाले कबाड़ से कलाकृतियां भी बनाई जाएंगी जिन्हें इस परिसर में रखा जाएगा।

कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय के प्रभारी डॉ. उत्तम यादव ने बताया कि फिलहाल इस चिड़ियाघर से हर रोज औसतन 600 किलोग्राम गीला और सूखा कचरा निकलता है तथा इस अपशिष्ट के एक हिस्से को निपटारे के लिए परिसर से बाहर भेजा जाता है।

यादव ने बताया कि "शून्य अपशिष्ट" वाले परिसर का तमगा हासिल करने के लिए चिड़ियाघर में गीले कचरे से खाद बनाई जाएगी और सूखे कचरे का प्रसंस्करण भी इसी परिसर में किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मांसाहारी जानवरों के भोजन के अपशिष्ट में शामिल हड्डियों का चूर्ण बनाया जाएगा जिसे चिड़ियाघर के बगीचों में खाद के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।

हर्ष

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)