देश की खबरें | मध्य प्रदेश : सरकारी गौशाला में कुछ लोगों ने की शराब-मांस की पार्टी; जांच जारी

टीकमगढ़ (मध्य प्रदेश), 26 जुलाई जिले के चंदपुरा ग्राम पंचायत में एक सरकारी गौशाला में कुछ अज्ञात लोगों द्वारा कथित तौर पर शराब और मांस पार्टी करने का मामला सामने आने के बाद उसकी जांच की जा रही है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

जिले की बल्देवगढ़ जनपद पंचायत में सोमवार को हुई इस कथित घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बल्देवगढ़ जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) प्रभाष घनघोरिया ने बताया कि गौशाला में सोमवार को गांव के अहिरवार समाज की पंचायत बैठी थी जिसमें जुल्फी नाम के व्यक्ति की कुछ महीने पूर्व हुई हत्या के आरोप में पकड़े गए लोगों के परिवारों का समाज से बहिष्कार किया गया था। उन्होंने बताया कि परिवारों को पुनः समाज में सम्मलित करने हेतु समाज की पंचायत ने उन्हें सजातीय लोगों को मांस-मदिरा की पार्टी देने का फरमान सुनाया गया था।

उन्होंने बताया कि इस फरमान के बाद सोमवार को गांव के 'राम हर्षण गौशाला' में करीब 15-20 लोगों के लिए मांस पकाया जा रहा था और शराब पी जा रही थी, जिसकी सूचना किसी व्यक्ति ने बजरंग दल के शिवम, गोलू और वाली रैकवार को दे दी। उन्होंने बताया कि बजरंग दल के इन सदस्यों ने मामले की जानकारी कुड़ीला पुलिस थाने और जनपद सीईओ घनघोरिया को दी।

घनघोरिया ने बताया कि मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय दल बनाया गया है जो बुधवार को अपनी रिपोर्ट देगा, उसके आधार पर दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जायगी।

उन्होंने बताया कि गौशाला में करीब 70 गोवंशी मवेशी हैं, जिन्हें दिन में गौशाला के बाहर चरने के लिए छोड़ा जाता है। इसका संचालन पूर्व सरपंच मीरा तिवारी का 'राम हर्षण' समूह करता है।

घनघोरिया ने बताया कि पिछले साल ही इस गौशाला का निर्माण करीब 35 लाख रुपये की लागत से कराया गया था।

इस सम्बन्ध में कुड़ीला थाने के प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज द्विवेदी ने बताया कि बजरंग दल के लोगों के गौशाला पहुंचने के बाद वहां पार्टी कर रहे सभी लोग अपना सामान लेकर भाग गए।

उन्होंने बताया कि पुलिस को किसी के खिलाफ कोई शिकायत नहीं मिली है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)