भोपाल, 29 अगस्त मध्य प्रदेश के सागर जिले में पुरानी दुश्मनी को लेकर कुछ लोगों के हमले में मारे गए दलित युवक की बहन को सरकारी नौकरी दी जाएगी। राज्य सरकार के एक मंत्री ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने यह भी कहा कि मृतक के परिवार को जल्द ही 4.12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
दलित युवक नितिन अहिरवार उर्फ लालू को 24 अगस्त को खुरई देहात (ग्रामीण) थाना सीमा के अंतर्गत बरोदिया नोनागिर गांव में लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर पीटकर मार डाला था।
प्रदेश के शहरी विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह के निर्वाचन क्षेत्र खुरई में यह घटना हुई। सिंह ने मंगलवार को बरोदिया नोनागिर गांव में मृतक के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की।
सिंह ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, ‘‘मैं मृतक के पिता रघुवीर अहिरवार और भाई विष्णु अहिरवार को आश्वासन देता हूं कि परिवार की बेटी को नौकरी दी जाएगी। मैंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात की है।’’
उन्होंने कहा कि पीड़िता की बहन को सागर या खुरई में, जो भी उसके लिए सुविधाजनक हो, वहां नौकरी दी जाएगी।
मंत्री ने कहा, ‘‘मृतक के परिवार को जल्द ही 4.12 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री स्वैच्छिक कोष से 10 लाख रुपये की अंतरिम राहत भी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा परिवार की दो घायल महिलाओं को 25,000-25,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी।’’
मंत्री ने कांग्रेस पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार के तहत आपराधिक मामलों में न्याय किया जाता है जबकि अन्य लोग केवल भाषण देते हैं, तस्वीरें खींचते हैं और राजनीतिक लाभ के लिए उनका इस्तेमाल करते हैं।
सिंह ने सोमवार को पीड़ित परिवार से मिलने के लिए कांग्रेस नेताओं के दौरे का जिक्र करते हुए कहा, "केवल भाजपा सरकार ही असली काम करती है और ऐसा करना जारी रखेगी।"
कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह के कार्यालय ने कहा कि दिग्विजय बुधवार को मृतक के परिवार से मुलाकात करेंगे।
एक अधिकारी ने सोमवार को कहा कि पुलिस ने प्राथमिकी में नामित आठ आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में वांछित तीन से चार अन्य लोगों की तलाश जारी है। इस घटना को लेकर कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने भाजपा नीत सरकार की तीखी आलोचना की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY