देश की खबरें | मध्य प्रदेश सरकार ने मणिपुर के छात्रों को कॉलेजों में प्रवेश हेतु फॉर्म ऑफलाइन पेश करने की अनुमति दी

भोपाल, 25 जून मध्य प्रदेश सरकार ने मणिपुर के छात्रों को विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में प्रवेश हेतु आवेदन फॉर्म ऑफलाइन पेश करने की अनुमति दी।

मणिपुर सरकार ने मध्य प्रदेश सरकार से इसके लिए अनुरोध किया था, क्योंकि पूवोत्तर राज्य के कुछ हिंसाग्रस्त इलाकों में इंटरनेट सेवा अस्थाई रूप से बंद हैं। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

दोनों राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार है।

उन्होंने बताया कि शनिवार को जारी एक परिपत्र में मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी निजी और सरकारी कॉलेज को मणिपुर के छात्रों का प्रवेश फॉर्म ऑफलाइन स्वीकार करने को कहा है।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के सभी कॉलेजों में छात्रों के प्रवेश फार्म ऑनलाइन लिए जाते हैं। हर साल मणिपुर के छात्र मध्य प्रदेश के कॉलेजों में दाखिला लेते हैं लेकिन इस बार मई के पहले सप्ताह में वहां हिंसा भड़कने के बाद उन्हें इंटरनेट सेवा के अभाव में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अधिकारी ने कहा कि इन छात्रों में वहां के खिलाड़ी भी शामिल हैं जो मध्य प्रदेश में खेल अकादमियों में दाखिला लेते हैं और साथ-साथ पढ़ाई भी करते हैं।

मणिपुर में मेइती और कुकी समुदाय के बीच मई की शुरुआत में भड़की जातीय हिंसा में 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)