देश की खबरें | मध्य प्रदेश : भिंड जिले में एहतियातन उतरा वायुसेना का हेलीकॉप्टर, कोई हताहत नहीं

भिंड/नयी दिल्ली, 29 मई भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के अपाचे हेलीकॉप्टर को सोमवार को मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एहतियातन उतारा गया। वायुसेना के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

अधिकारी ने बताया कि हेलीकॉप्टर को एहतियातन उतारे जाने का मतलब है उसमें कुछ मामूली दिक्कतें हो सकती हैं, जिसके कारण विमान को उतारा गया।

आईएएफ ने ट्वीट किया, ‘‘आईएएफ का एक अपाचे एएच-64 हेलीकॉप्टर जो नियमित परिचालन प्रशिक्षण उड़ान पर था, भिंड के पास एहतियातन उतरा। चालक दल के सभी सदस्य और विमान सुरक्षित हैं। मरम्मत दल घटनास्थल पर पहुंच गया है।’’

दिल्ली में वायुसेना के प्रवक्ता ने बताया, ‘‘हेलीकॉप्टर सामान्य रूप से दैनिक प्रशिक्षण अभियान पर था। पायलट ने एहतियात के तौर पर उसे नीचे उतारा था।’’

वायुसेना के प्रवक्ता ने कहा कि घटना सुबह करीब पौने नौ बजे हुई।

उन्होंने कहा कि इस घटना में जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। प्रवक्ता ने कहा कि विमान की अभी जांच की जा रही है।

इससे पूर्व चंबल जोन के पुलिस महानिरीक्षक एस. सक्सेना ने फोन पर ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘मुझे जानकारी मिली है कि हेलीकॉप्टर को आपात स्थिति में उतारे जाने के दौरान कोई हताहत नहीं हुआ है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)