देश की खबरें | लाउडस्पीकर विवाद : महाराष्ट्र के विभिन्न इलाकों से सैकड़ों मनसे कार्यकर्ता हिरासत में लिए गए

मुंबई, चार मई मुंबई पुलिस ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे के आवास के बाहर जमा कई मनसे कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। ठाकरे ने एक दिन पहले लोगों से आग्रह किया था कि वे जहां लाउडस्पीकर पर 'अजान' सुने वहां हनुमान चालीसा बजाएं। वहीं पुणे, ठाणे और नासिक शहरों सहित राज्य के अन्य हिस्सों में सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई की गई।

पुणे और पड़ोसी पिंपरी चिंचवाड़ में, मनसे के 200 कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों को हिरासत में लिया गया, जबकि ठाणे में पार्टी के 12 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।

शिवाजी पार्क इलाके में ठाकरे के आवास के बाहर पुलिस ने कई मनसे कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद पार्टी पदाधिकारी संदीप देशपांडे और संतोष धुरी एक वाहन में बैठ कर वहां से तुरंत चले गए। मनसे कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करते समय एक महिला पुलिस कांस्टेबल गिर गईं।

राज ठाकरे द्वारा मस्जिदों में लगे लाउडस्पीकर बंद कराने का आह्वान किए जाने के बाद मुंबई में कई स्थानों पर सुरक्षा कड़ी की गई है।

ठाकरे के आवास 'शिवतीर्थ' के बाहर भी पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है और यातायात बाधित ना हो, इसलिए सड़क पर बैरीकेड लगाए गए हैं।

मनसे के पदाधिकारियों संदीप देशपांडे और संतोष धुरी को सीआरपीसी की धारा 149 (संज्ञेय अपराधों को रोकने के लिए) के तहत नोटिस भी जारी किया गया था।

राज ठाकरे से मुलाकात करने के बाद जब बुधवार को देशपांडे बाहर आए और पत्रकारों से बात करने लगे, तभी पुलिस के एक दल ने उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश की। हालांकि, देशपांडे तुरंत गाड़ी में सवार होकर वहां से चले गए।

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने कुछ अन्य मनसे कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और उन्हें एक निजी टैक्सी में बिठा कर शिवाजी पार्क थाने ले गई। हिरासत में लिए गए लोगों को पहले एहतियात के तौर पर सीआरपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत नोटिस जारी किए गए थे।

अधिकारियों ने बताया कि पुणे में, पार्टी के राज्य सचिव अजय शिंदे सहित कुल 11 मनसे कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों को एहतियात के तौर पर हिरासत में लिया गया, जब वे 'महा आरती' और हनुमान चालीसा का पाठ करने के बाद शहर के खलकर मारुति मंदिर से बाहर आए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)