देश की खबरें | लोकसभा अध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही के महत्व पर जोर दिया

नयी दिल्ली, 15 नवंबर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को पुलिस प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही के महत्व पर जोर दिया और कहा कि नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए ये दोनों गुण सर्वोपरि हैं।

बिरला ने इस बात की जरूरत पर भी जोर दिया कि पुलिस को कानून प्रवर्तन के ढांचे के भीतर काम करते समय सांस्कृतिक और पारंपरिक पहलुओं की भी अच्छी जानकारी होनी चाहिए।

बिरला ने आज भारतीय पुलिस सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं।

लोकसभा सचिवालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार उन्होंने पुलिस की सामाजिक भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि उन्हें भय के स्थान पर विश्वास पैदा करना चाहिए और लोगों को किसी भी अवैध या गलत गतिविधियों को रिपोर्ट करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि नीतियों और प्रक्रियाओं की जानकारी को खुले तौर पर साझा करके, पारदर्शी पुलिस प्रशासन लोगों की रक्षा करने और कानून प्रवर्तन तंत्र तथा लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करने के कार्य में समाज को सक्रिय रूप से शामिल कर सकता है।

उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को जांच में त्वरित तथा गुणवत्तापूर्ण परिणामों के लिए प्रौद्योगिकी के अधिक से अधिक उपयोग की सलाह दी।

बिरला ने कहा कि पुलिस और आपराधिक कानूनों से संबंधित जो तीन नये विधेयक संसद में पेश किये गये थे, उनके कानून बनने पर पुलिस अधिकारियों को और अधिक प्रभावी तरीके से उनकी जिम्मेदारी निभाने में मदद मिलेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)