नयी दिल्ली, 27 जून दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने शनिवार को पड़ोसी राज्य हरियाण के गुरुग्राम में टिड्डी दल के हमले के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी के दक्षिण और पश्चिमी जिला प्रशासनों से अत्यधिक सतर्क रहने को कहा है।
अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह भी पढ़े | दिल्ली: सर गंगाराम हॉस्पिटल में तीन महीने बाद 1 जुलाई से फिर शुरू होंगी OPD सुविधाएं.
राय ने हालात को देखते हुए शनिवार को एक आपात बैठक बुलाई। बैठक में शामिल हुए अधिकारियों के अनुसार मंत्री को बताया गया कि टिड्डियों का एक छोटा दल दक्षिण दिल्ली के असोला भट्टी इलाके में भी पहुंच गया है।
कृषि विभाग से दिल्ली में टिड्डी दल के हमले की आशंका को देखते हुए सभी जिला मजिस्ट्रेट और उप मंडलीय मजिस्ट्रेट को विस्तार से परामर्श जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि मंत्री ने टिड्डी दल को भगाने के लिए वन विभाग को डीजे बजाने,ढोल और ड्रम बजाने के लिए भी कहा है।
उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को गुरुग्राम के पास के इलाकों का दौरा करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि विकास सचिव, मंडल आयुक्त, निदेशक, कृषि विभाग और दक्षिण तथा पश्चिम दिल्ली के जिला मजिस्ट्रेट बैठक में शामिल हुए।
इससे पहले दिन में टिड्डी दल हरियाण के गुरुग्राम पहुंचा और अनेक स्थानों पर आसमान में टिड्डियों का जाल सा छा गया।
अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल इनके राष्ट्रीय राजधानी का रुख करने के आसार नहीं है।
करीब दो किलोमीटर में फैले टिड्डी दल उपनगरीय शहर को पार करते हुए दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर पहुंचे लेकिन दिल्ली का रुख नहीं किया।
टिड्डी चेतावनी संगठन, कृषि मंत्रालय से जुड़े के़ एल. गुर्जर ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘टिड्डी दल पश्मिच से पूर्व की ओर आए हैं। इन्होंने पूर्वाह्न लगभग 11.30 बजे गुरुग्राम में प्रवेश किया।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY