मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटे में हल्की बारिश होने की संभावना
मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार को हल्की बारिश हुई मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में प्रदेश के पांच संभागों में बारिश होने का अनुमान है.
भोपाल, 11 मार्च: मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार को हल्की बारिश हुई. मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में प्रदेश के पांच संभागों में बारिश होने का अनुमान है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के भोपाल केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पी के साहा ने बताया कि अगले 24 घंटों में प्रदेश के ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, भोपाल, होशंगाबाद और सागर संभागों के अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है.
उन्होंने बताया कि होशंगाबाद जिले में पर्वतीय पर्यटन स्थल पंचमढ़ी, जबलपुर और छिंदवाड़ा जिले में बृहस्पतिवार को हल्की बारिश हुई है. ग्वालियर संभाग के गुना जिले में 12 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. कुछ अन्य स्थानों पर भी हल्की बारिश हुई.
साहा ने कहा कि दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश में ऊपरी हवा के चक्रवाती दबाव और पश्चिमी राजस्थान पर ऊपरी हवा के संचलन के कारण बूंदाबांदी हुई है. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में रविवार तक ऐसा मौसम बना रह सकता है.
साहा ने कहा कि बृहस्पतिवार को खंडवा में अधिकतम तापमान 40.01 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा भोपाल, इन्दौर, जबलपुर और ग्वालियर में अधिकतम तापमान क्रमश: 35.3, 35.5, 34.8 और 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 11, 2021 09:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

