नयी दिल्ली, 14 सितंबर राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में बुधवार दोपहर हल्की बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
विभाग ने अगले कुछ दिनों में और बारिश होने का अनुमान जताया है।
विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश और इसके आसपास निम्न दबाव वाले क्षेत्र के प्रभाव की वजह से अगले कुछ दिनों में दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में बारिश होने का अनुमान है।
विभाग ने बताया कि बृहस्पतिवार को भी बारिश होने का अनुमान है। सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वेधशाला ने अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान जताया है।
मौसम विभाग ने कहा कि अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
अगस्त में कम बारिश होने के बाद अब दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में मॉनसून का प्रभाव क्षीण पड़ रहा है। दिल्ली में बारिश में कमी के कारण सितंबर के ज्यादातर दिनों में सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया गया है।
सफदरजंग वेधशाला में सितंबर में अब तक सामान्य (84.3 मिलीमीटर) के मुकाबले केवल 18.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
वेधशाला ने अगस्त में मात्र 41.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जो पिछले 14 साल में सबसे कम थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY