एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | उपराज्यपाल सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा ने किया मुनक नहर और हैदरपुर डब्ल्यूटीपी के कामों का निरीक्षण

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को मुनक नहर में चल रहे सफाई कार्य और ऐतिहासिक शालीमार बाग के जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण किया।

देश की खबरें | उपराज्यपाल सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा ने किया मुनक नहर और हैदरपुर डब्ल्यूटीपी के कामों का निरीक्षण

नयी दिल्ली, 29 अप्रैल दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को मुनक नहर में चल रहे सफाई कार्य और ऐतिहासिक शालीमार बाग के जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण किया।

दिल्ली जल बोर्ड, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के अधिकारियों तथा हरियाणा सरकार के संबंधित अधिकारियों के साथ सक्सेना और गुप्ता ने हैदरपुर जलशोधन संयंत्र (डब्ल्यूटीपी) का भी निरीक्षण किया। इस संयंत्र में मुनक नहर से पानी आता है।

गुप्ता ने कहा, ‘‘राष्ट्रीय राजधानी में संपूर्ण जलापूर्ति और उपलब्धता प्रणाली का प्रबंधन करने की आवश्यकता है। हमने मुनक नहर का निरीक्षण किया, जो हरियाणा से शुरू होकर इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन के पास समाप्त होती है। जल आपूर्ति संयंत्रों की मरम्मत समेत वर्तमान जलापूर्ति ढांचे में सुधार के लिए समग्र दृष्टिकोण की जरूरत है।’’

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार हरियाणा से मिलने वाले पानी का पूरा उपयोग करने के लिए काम कर रही है ताकि पानी की उपलब्धता से जुड़ी समस्याओं को कम किया जा सके।

सक्सेना ने कहा, ‘‘हमने मुनक नहर का निरीक्षण किया है। हम नहर के समानांतर एक सड़क बनाने की योजना बना रहे हैं क्योंकि शहर में यातायात की समस्या है।’’

सक्सेना और गुप्ता शालीमार बाग इलाके में एक उद्यान में भी गए, जहां मुख्यमंत्री ने सौंदर्यीकरण कार्य शुरू करने का निर्देश दिया।

सक्सेना ने कहा, ‘‘हम शालीमार बाग में उसके पुराने गौरव को बहाल करने की कोशिश कर रहे हैं और चल रहे काम अगले एक. दो महीनों में पूरे हो जाएंगे।’’

शालीमार बाग में गुप्ता ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ पार्क के आसपास प्रकाश व्यवस्था और अतिक्रमण की समस्याओं पर चर्चा की जहां भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण और डीडीए दोनों परियोजना पर काम कर रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 29, 2025 06:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).