नयी दिल्ली, चार मार्च दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को यहां भलस्वा ‘लैंडफिल’ स्थल पर बांस के पौधे लगाने के अभियान की शुरूआत की और लोगों को आश्वासन दिया कि यह क्षेत्र जल्द ही हरा-भरा हो जाएगा।
सक्सेना ने कहा कि ‘लैंडफिल’ से अपशिष्ट को हटाने और पुनर्संसाधित करने के प्रयास दो वर्ष पहले शुरू किये गए थे और पौधारोपण अभियान की शुरुआत के साथ ही इन क्षेत्रों को हरित क्षेत्र में बदलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
उपराज्यपाल सक्सेना ने कहा, ‘‘आज यहां बांस के 200 पौधे लगाए गए हैं। आने वाले महीनों में 54,000 और पौधे लगाये जाएंगे।’’ उन्होंने कहा कि जब पौधारोपण का काम पूरा हो जाएगा तो लोगों को ऊंचे-ऊंचे कूड़े के ढेरों की जगह हरियाली देखने को मिलेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने दिल्ली को प्रदूषण से मुक्त करने का वादा किया था और यह पहल एक स्वच्छ और हरित शहर की शुरुआत है।’’
सक्सेना ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्षारोपण अभियान के लिए बांस को इसलिए चुना गया क्योंकि यह 30 प्रतिशत अधिक ऑक्सीजन छोड़ता है और इसे उगाने के लिए कम पानी की आवश्यकता होती है। इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री गुप्ता और अन्य मंत्री मौजूद थे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उपराज्यपाल और केंद्र सरकार के प्रयासों की सराहना की और आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने ‘लैंडफिल’ मुद्दे से निपटने को लेकर ‘‘केवल बड़े-बड़े दावे किए’’ लेकिन ठोस कार्रवाई करने में विफल रहीं।
उन्होंने दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) मैदानों सहित दिल्ली भर में विभिन्न परियोजनाओं में ‘लैंडफिल’ स्थल से अपशिष्ट का उपयोग करने में केंद्र सरकार की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
गुप्ता ने कहा, ‘‘उपराज्यपाल ने दिल्ली के कायाकल्प में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। उनका नेतृत्व एक ढाल की तरह रहा है, जो शहर की रक्षा करता है और इसके विकास का मार्गदर्शन करता है।’’
गुप्ता ने संवाददाताओं को यह भी आश्वासन भी दिया कि भलस्वा ‘लैंडफिल’ स्थल पर पौधारोपण अभियान की प्रगति की हर महीने निगरानी की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘एक साल में यह जगह पूरी तरह से हरित भूमि में बदल जाएगी। हमारा अभियान दिल्ली को साफ और सुंदर बनाना है और ‘डबल इंजन’ वाली सरकार के साथ हम इस लक्ष्य को दोगुनी गति से हासिल करेंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY