Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश में तेंदुए की खाल एवं नाखून बरामद, दो शिक्षकों सहित छह लोग गिरफ्तार
मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में तेंदुए के अवयवों को बेचने के आरोप में दो शिक्षकों सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से तेंदुए की खाल और छह नाखून बरामद किये गये हैं.
भोपाल, 31 अक्टूबर : मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में तेंदुए के अवयवों को बेचने के आरोप में दो शिक्षकों सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से तेंदुए की खाल और छह नाखून बरामद किये गये हैं. मध्य प्रदेश के प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) आलोक कुमार ने एक बयान में बताया कि वन्य प्राणी मुख्यालय को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ लोग झाबुआ जिले में पेटलावद-राजोद मार्ग पर वन्यजीव के अवयवों को बेचने की फिराक में है.
उन्होंने कहा कि इस सूचना पर ‘स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स’, वन्य-जीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो और विशेष कार्य बल (पुलिस) ने संयुक्त रूप से तुरंत कार्रवाई की और वन्यजीव का शिकार कर उसके अवयवों के अवैध परिवहन और अवैध व्यापार करने वाले छह आरोपियों को शनिवार को पेटलावद-राजोद मार्ग से गिरफ्तार कर लिया. यह भी पढ़ें : Lakhimpur Kheri Violence: एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा के वाहन पर अंडे फेंके
कुमार ने बताया कि इनके पास से तेंदुए की एक खाल और छह नाखूनों के अलावा छह मोबाइल, चार पहिया और दोपहिया वाहन बरामद किये गये हैं. उन्होंने कहा कि इनके खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. कुमार ने बताया, ‘‘गिरफ्तार आरोपियों में से चार अलीराजपुर और दो धार जिले के निवासी है. इनमें से दो शिक्षक भी हैं.’’
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 31, 2021 12:31 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

