काठमांडू, चार जनवरी नेपाल के सत्तारूढ़ सात दलीय गठबंधन के प्रमुख नेताओं ने बुधवार को यहां बैठक की और नयी सरकार के न्यूनतम साझा कार्यक्रम एवं मंत्रिपरिषद विस्तार पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास पर बैठक हुई। प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ की सरकार अगले सप्ताह विश्वास मत का सामना करेगी।
प्रधानमंत्री कार्यालय के करीबी सूत्रों ने कहा कि बैठक में प्रधानमंत्री और सीपीएन (माओवादी केंद्र) के अध्यक्ष प्रचंड, सीपीएन (यूएमएल) के अध्यक्ष के पी शर्मा ओली, उप प्रधानमंत्री तथा राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रबि लामिछाने, जनता समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष उपेंद्र यादव एवं राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी के अध्यक्ष राजेंद्र लिंगदेन शामिल हुए।
सूत्रों के अनुसार बैठक में ताजा राजनीतिक घटनाक्रम, सरकार के न्यूनतम साझा कार्यक्रम और मंत्रिपरिषद के विस्तार समेत अन्य विषयों पर चर्चा हुई।
सत्तारूढ़ गठबंधन के शीर्ष नेताओं ने प्रचंड नीत सरकार के विश्वास मत से संबंधित मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया।
प्रचंड नीत गठबंधन सरकार को 275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा में विश्वास मत प्राप्त करने के लिए कम से कम 138 मत प्राप्त करने होंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY