मुंबई, 28 जुलाई कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के वरिष्ठ नेताओं ने राज्य में मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करने के लिए शुक्रवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के संस्थापक शरद पवार से मुलाकात की।
बैठक में भाग लेने वाले कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि अगले महीने मुंबई में विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ की प्रस्तावित बैठक अगस्त के अंतिम सप्ताह या सितंबर के पहले सप्ताह में हो सकती है।
पवार के साथ बैठक दक्षिण मुंबई के वाई बी चव्हाण सेंटर में हुई। बैठक में कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण और वरिष्ठ नेता नसीम खान मौजूद थे।
राकांपा के प्रदेश प्रमुख जयंत पाटिल और उनकी पार्टी के विधायक शशिकांत शिंदे और रोहित पवार (शरद पवार के पोते) ने भी चर्चा में भाग लिया।
यह बैठक उस पृष्ठभूमि में हुई है जब इस महीने की शुरुआत में अजित पवार और उनके समर्थकों के शरद पवार द्वारा स्थापित पार्टी से अलग होकर राज्य सरकार में शामिल होने के बाद विधानसभा में विपक्ष के नेता पद के लिए कांग्रेस ने दावा नहीं किया है।
बाद में नसीम खान ने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक अगस्त के अंत या सितंबर के पहले सप्ताह में मुंबई में होगी। पटोले ने कहा कि लगभग 100 नेता ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में शामिल होंगे और पवार ने इस बारे में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे से फोन पर बात की है।
उन्होंने कहा, ‘‘महा विकास आघाड़ी (एमवीए) के सदस्य के रूप में हम मुंबई में बैठक की सफलता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’ पटोले ने कहा कि एमवीए मजबूत और एकजुट है तथा बरसात का मौसम खत्म होने के बाद यह राज्य भर में रैलियां आयोजित करेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘एमवीए तीनों सहयोगियों (शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा, कांग्रेस और शिवसेना का उद्धव ठाकरे नीत गुट) के बीच चर्चा करके सीट-बंटवारे के व्यवस्था और उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने पर काम करेगी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY