देश की खबरें | वडोदरा में विधि छात्र ने कार से दोपहिया वाहनों को टक्कर मारी, महिला की मौत, चार घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात के वडोदरा शहर में बृहस्पतिवार रात विधि के छात्र ने तेज रफ्तार में कार चलाते हुए दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
वडोदरा, 14 मार्च गुजरात के वडोदरा शहर में बृहस्पतिवार रात विधि के छात्र ने तेज रफ्तार में कार चलाते हुए दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पन्ना मोमाया ने बताया कि यह दुर्घटना देर रात करीब साढ़े 12 बजे करेलीबाग इलाके में मुक्तानंद चौराहे के पास हुई, जिसके बाद चालक रक्षित चौरसिया (20) को गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि यह नशे में वाहन चलाने का मामला हो सकता है, क्योंकि घटनास्थल पर प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि चौरसिया नशे की हालत में लग रहा था और कार से बाहर आने के बाद वह चिल्ला रहा था।
पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान हेमाली पटेल के रूप में हुई है। जो दुर्घटना के समय स्कूटर चला रही थी।
मोमाया ने संवाददाताओं से कि मूल रूप से उत्तर प्रदेश के वाराणसी निवासी चौरसिया विधि का छात्र है और यहां ‘पेइंग गेस्ट’ आवास में रहता है।
उन्होंने कहा, ‘‘कार उसके दोस्त मीत चौहान की थी, जो चालक के बगल वाली सीट पर बैठा था। चौरसिया ने मुक्तानंद चौराहे की ओर जाते समय पूरी गति से कार चलाई और कुछ दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी।’’
अधिकारी ने बताया कि चौहान का पता लगाने के प्रयास किये जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शी द्वारा बनाए गए वीडियो में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त नजर आ रहा है। वीडियो में चौहान कार से बाहर आने के बाद दुर्घटना के लिए चौरसिया को दोषी ठहराता नजर आ रहा है।
वीडियो में चौरसिया को वहां खड़े लोग पीटते दिखे जा सकते हैं जिन्होंने बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
‘सीसीटीवी फुटेज’ में नजर आ रहा है कि तेज गति से आ रही कार ने दो स्कूटरों को टक्कर मार दी और सवारों को गिरा दिया, जिसके बाद उन्हें घसीटते हुए ले गई और फिर रुक गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 14, 2025 12:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

