देश की खबरें | भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज की कार्रवाई बिहार में जंगलराज व अराजकता को दर्शाती है: नड्डा

नयी दिल्ली, 19 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बुधवार को कहा कि पिछले दिनों पटना में पार्टी नेताओं के एक प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा कथित तौर पर किए गए अत्यधिक बल का इस्तेमाल बिहार में व्याप्त ‘जंगलराज, अराजकता और विपक्षी दलों के प्रति राज्य सरकार की क्रूरता’ को दर्शाता है।

नड्डा ने इस घटना की जांच के लिए विगत शुक्रवार को सांसदों की चार सदस्यीय ‘उच्च स्तरीय जांच समिति’ गठित की थी। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास को इसका संयोजक जबकि विष्णु दयाल राम, मनोज तिवारी और सुनीता दुग्गल को इसका सदस्य बनाया गया था।

समिति ने बुधवार को यहां नड्डा से मुलाकात की और घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट सौंपी।

इसके बाद नड्डा ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘यह (रिपोर्ट) बिहार में व्याप्त जंगलराज, अराजकता और विपक्षी दलों के प्रति राज्य सरकार की क्रूरता एवं असंवेदनशीलता को दर्शाती है। नीतीश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ भाजपा का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।’’

भाजपा की समिति ने पटना में डाकबंगला चौराहे पर जाकर उस जगह को देखा जहां ‘लाठीचार्ज’ की घटना हुई थी। सदस्यों ने राजधानी के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती घायल नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की थी।

भाजपा ने लाठीचार्ज को लेकर दावा किया था कि इसमें उसके एक जिला महामंत्री विजय सिंह की मौत हो गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)