जरुरी जानकारी | अंतिम दौर की खरीदारी से शेयर बाजारों में रौनक लौटी, सेंसेक्स 204 अंक चढ़ा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. विदेशी पूंजी का निवेश होने के बीच वाहन, बिजली और धातु शेयरों में अंतिम दौर की खरीदारी आने से मंगलवार को घरेलू मानक सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी दो सत्रों की गिरावट से उबरते हुए बढ़त के साथ बंद हुए।
मुंबई, 28 नवंबर विदेशी पूंजी का निवेश होने के बीच वाहन, बिजली और धातु शेयरों में अंतिम दौर की खरीदारी आने से मंगलवार को घरेलू मानक सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी दो सत्रों की गिरावट से उबरते हुए बढ़त के साथ बंद हुए।
उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 204.16 अंक यानी 0.31 प्रतिशत बढ़कर 66,174.20 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 66,256.20 के ऊपरी और 65,906.65 के निचले स्तर पर रहा।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी 95 अंक यानी 0.48 प्रतिशत बढ़कर 19,889.70 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में से टाटा मोटर्स, बजाज फिनसर्व, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस, एनटीपीसी, टाइटन और एक्सिस बैंक प्रमुख रूप से बढ़त के साथ बंद हुईं।
दूसरी तरफ आईटीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईसीआईसीआई बैंक और पावर ग्रिड के शेयरों में गिरावट का रुख रहा।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई कंपोजिट चढ़कर बंद हुए जबकि जापान का निक्की और हांगकांग का सूचकांक हैंगसेंग गिरावट के साथ बंद हुए।
यूरोप के प्रमुख बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। सोमवार को अमेरिकी बाजार मामूली गिरावट के साथ बंद हुए थे।
इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.19 प्रतिशत चढ़कर 80.93 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
गुरु नानक जयंती के अवसर पर सोमवार को शेयर बाजार बंद रहे थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 2,625.21 करोड़ रुपये मूल्य की इक्विटी खरीदी थी।
पिछले कारोबारी दिवस शुक्रवार को सेंसेक्स 47.77 अंक की गिरावट के साथ 65,970.04 पर बंद हुआ था जबकि निफ्टी 7.30 अंक फिसलकर 19,794.70 अंक पर रहा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 28, 2023 04:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

