होशियारपुर, 17 जून दक्षिणी कुवैत में हुए भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वालों में शामिल 62 वर्षीय हिमत राय का पंजाब के होशियापुर में एक श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। उनके बेटे अर्शदीप सिंह (16) ने चिता को मुखाग्नि दी।
राय 12 जून को अल-मंगाफ इमारत में लगी आग में मारे गए 49 लोगों में शामिल थे। इस अग्निकांड में जान गंवाने वालों में अधिकतर भारतीय थे, जबकि बाकी पाकिस्तान, फिलिपीन, मिस्र और नेपाल के नागरिक थे।
राय का परिवार होशियारपुर शहर के उपनगर काकोन में रहता है।
शाम चौरासी के विधायक डॉ. रवजोत सिंह और होशियारपुर के तहसीलदार गुरसेवक चंद समेत कई लोगों ने उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी।
राय का पार्थिव शरीर शनिवार को यहां लाया गया था और सिंगरीवाला गांव के शवगृह में रखा गया था। राय अपने परिवार में इकलौते कमाने वाले थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी, दो विवाहित बेटियां और एक नाबालिग बेटा है।
वह करीब 28 से 30 साल पहले भारत छोड़कर कुवैत में एनबीटीसी कंपनी में काम करने चले गये थे। परिवार ने बताया कि वह कंपनी के एक विभाग में फोरमैन के पद पर काम करते थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY