देश की खबरें | लार्सन एंड टू्ब्रो ने कट्टुपल्ली शिपयार्ड में बहुउद्देश्यीय पोत ‘समर्थक’ का जलावतरण किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. इंजीनियरिंग और निर्माण क्षेत्र की प्रमुख कंपनी लार्सन एंड टूब्रो (एलएंडटी) ने भारतीय नौसेना के लिए निर्मित किये जाने वाले दो बहुउद्देशीय जहाजों में से पहले पोत का यहां कट्टुपल्ली शिपयार्ड में जलावतरण किया। कंपनी ने यह जानकारी दी।
चेन्नई, 16 अक्टूबर इंजीनियरिंग और निर्माण क्षेत्र की प्रमुख कंपनी लार्सन एंड टूब्रो (एलएंडटी) ने भारतीय नौसेना के लिए निर्मित किये जाने वाले दो बहुउद्देशीय जहाजों में से पहले पोत का यहां कट्टुपल्ली शिपयार्ड में जलावतरण किया। कंपनी ने यह जानकारी दी।
बहुउद्देश्यीय पोत आईएनएस ‘समर्थक’ 107 मीटर लंबा और 18.6 मीटर चौड़ा है, जिसकी जल विस्थापन क्षमता 3,750 टन से अधिक है। इसे केंद्र सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ पहल और ‘आत्मनिर्भर दृष्टि’ के अनुरूप लार्सन एंड टूब्रो द्वारा डिजाइन व निर्मित किया गया है।
‘नेवी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन’ की अध्यक्ष शशि त्रिपाठी ने युद्धपोत उत्पादन एवं अधिग्रहण नियंत्रक वाइस एडमिरल बी शिवकुमार, सहायक नियंत्रक रियर एडमिरल संदीप मेहता, तमिलनाडु एवं पुडुचेरी नौसेना क्षेत्र के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग रियर एडमिरल रवि कुमार ढींगरा और लार्सन एंड टूब्रो के वरिष्ठ अधिकारियों सहित नौसेना के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में कट्टुपल्ली शिपयार्ड में पोत का औपचारिक रूप से जलावतरण किया।
कट्टुपल्ली शिपयार्ड चेन्नई से लगभग 45 किलोमीटर उत्तर में एन्नोर में स्थित है।
विशेष पोत नौसेना के लिए अगली पीढ़ी के हथियारों और सेंसर के विकास के वास्ते परीक्षण करेगा।
लार्सन एंड टूब्रो ने बुधवार को एक बयान में कहा कि यह समुद्री निगरानी, गश्त, मानवीय सहायता प्रदान करने जैसे अन्य कार्य भी करेगा।
लार्सन एंड टूब्रो के प्रेसिजन इंजीनियरिंग एंड सिस्टम्स के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एटी रामचंदानी ने कहा, ‘‘आपूर्ति श्रृंखलाओं में भू-राजनीतिक व्यवधानों के बावजूद, पहले बहुउद्देश्यीय पोत का निर्धारित समय पर सफल प्रक्षेपण, राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति लार्सन एंड टूब्रो की प्रतिबद्धता, हमारी आंतरिक युद्धपोत डिजाइन क्षमताओं और असाधारण निष्पादन कौशल का प्रमाण है।’’
कंपनी ने कहा कि दो बहुउद्देशीय पोतों के अलावा, लार्सन एंड टूब्रो सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर नौसेना के लिए कैडेट प्रशिक्षण के वास्ते तीन जहाजों और छह अन्य रक्षा पोत का भी निर्माण कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)