देश की खबरें | कुल्लू के एक गांव में भूस्खलन, हिमाचल के चार जिलों में 29 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के सैंज घाटी स्थित दुरीधार गांव में शनिवार को भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन के बाद 11 मकानों के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
शिमला, 26 जुलाई हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के सैंज घाटी स्थित दुरीधार गांव में शनिवार को भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन के बाद 11 मकानों के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित लोगों को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के विश्राम गृह में बनाए गए ट्रांजिट कैंप में अस्थायी रूप से रखा गया है। करीब 20 लोगों को वहां भेजा गया है।
कुल्लू की उपायुक्त तरुल एस. रवीश ने कहा, ‘‘हमारी पहली प्राथमिकता लोगों की जान बचाना था जो हम सफलतापूर्वक कर पाए हैं। उन्हें लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में स्थापित एक ट्रांजिट कैंप में ले जाया गया है। अब क्षेत्र का तकनीकी आकलन किया जाएगा।’’
सैंज पंचायत प्रधान भगतराम आजाद ने बताया कि गांव के पीछे की पहाड़ी का एक हिस्सा खिसकने लगा और पत्थर गिरने लगे।
उन्होंने बताया कि प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए सभी परिवारों को सुरक्षित निकाल लिया।
हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है।
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार शाम को बारिश के कारण एक राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कुल 222 सड़कें यातायात के लिए बंद कर दी गईं। अकेले मंडी ज़िले में मनाली-कोटाली मार्ग (एनएच-70) समेत लगभग 144 सड़कें बंद कर दी गईं जहां 30 जून की रात को कई बार बादल फटने से तबाही मची थी।
राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, राज्यभर में 36 विद्युत ट्रांसफॉर्मर और 152 जलापूर्ति योजनाएं प्रभावित हुई हैं।
एसईओसी के मुताबिक, राज्य में मानसून की शुरुआत 20 जून से होने के बाद अब तक बारिश से संबंधित घटनाओं में 82 लोगों की मौत हो चुकी है और 34 लोग लापता हैं।
राज्य में इस दौरान बाढ़ की 42, बादल फटने की 25 और भूस्खलन की 30 घटनाएं सामने आई हैं। कुल नुकसान लगभग 1,436 करोड़ रुपये का आंका गया है।
इस बीच, शुक्रवार शाम से कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। जाटों बैराज में 33.2 मिमी, पालमपुर में 33 मिमी, मंडी में 26.4 मिमी, कांगड़ा में 21.1 मिमी, पांवटा साहिब में 20.8 मिमी, कोठी में 18.6 मिमी, बिलासपुर में 15.4 मिमी, गुलर में 14.4 मिमी, नारकंडा में 13.5 मिमी, कुफरी में 13 मिमी, बाजुरा में 9.5 मिमी, धौला कुआं में 8.5 मिमी और शिमला में 8.4 मिमी बारिश हुई।
सुंदरनगर, शिमला और जुब्बड़हट्टी में गरज के साथ तेज बारिश दर्ज की गई।
स्थानीय मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, मंडी और कुल्लू जिलों के कुछ हिस्सों में 29 जुलाई को भारी बारिश की संभावना जताते हुए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 26, 2025 06:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

