देश की खबरें | केवल जनसंख्या मानदंड के आधार पर परिसीमन अनुचित: नवीन पटनायक

भुवनेश्वर, 22 मार्च बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने शनिवार को कहा कि संसद में सीटों की संख्या निर्धारित करने के लिए जनसंख्या ही एकमात्र मानदंड नहीं होना चाहिए।

पटनायक ने परिसीमन प्रक्रिया प्रारंभ करने से पहले सभी दलों के साथ विस्तृत चर्चा की मांग की।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन द्वारा बुलाई गई परिसीमन पर पहली संयुक्त कार्रवाई समिति की बैठक को संबोधित करते हुए पटनायक ने कहा कि बीजद ओडिशा के लोगों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेगा।

उन्होंने कहा, "हमारा मानना ​​है कि संसद में सीटों की संख्या तय करने के लिए जनसंख्या ही एकमात्र मानदंड नहीं होना चाहिए।"

पटनायक ने कहा, "मेरा सुझाव है कि केंद्र सरकार को इस मुद्दे पर सभी दलों से बातचीत करना चाहिए ताकि किसी भी तरह का भ्रम या गलतफहमी न हो, क्योंकि यह मुद्दा देश के लोकतांत्रिक ढांचे पर गहरा असर डाल सकता है।"

बीजद ने बैठक में भाग लेने के लिए अपने दो नेताओं को चेन्नई भेजा था, जबकि पटनायक ने इसे डिजिटल तौर पर संबोधित किया।

ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री पटनायक ने कहा, "यह उन राज्यों में रहने वाले लोगों के लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व और अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक है, जिन्होंने जनसंख्या को नियंत्रित और स्थिर करने में बहुत अच्छा काम किया है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)