कोलकाता, 24 अगस्त विधानसभा ने बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल भूमि कानून (दूसरा निरसन) विधेयक 2023 ध्वनि मत से पारित कर दिया। हालांकि विपक्षी भाजपा ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर विधेयक का विस्तार से अध्ययन करने के लिए समय दिए बिना जल्दबाजी में इसे पारित करने का आरोप लगाया।
वित्त राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) चंद्रिमा भट्टाचार्य ने विपक्ष को जवाब देते हुए कहा कि जो लोग विधेयक का अध्ययन करने के लिए ज्यादा समय नहीं मिलने की शिकायत कर रहे हैं, वे पहले कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में शामिल नहीं हुए थे और जब विधेयकों पर चर्चा की जानी थी तो उन्होंने अपनी आपत्तियां नहीं जताई थीं।
वह भाजपा विधायक और प्रसिद्ध अर्थशास्त्री अशोक लाहिड़ी द्वारा उठाए गए 'व्यवस्था के प्रश्न' का जवाब दे रही थीं। लाहिड़ी ने कहा था कि सरकार को विधेयक पेश करने से पहले विपक्ष को पांच दिन का नोटिस देना चाहिए था।
सिलीगुड़ी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक शंकर घोष ने लाहिडी़ की बात दोहराते हुए पूछा कि विधेयक को "इतनी जल्दबाजी में क्यों पेश किया गया और मुख्यमंत्री तथा वित्त राज्य मंत्री दोनों को परिस्थितियों की व्याख्या करनी चाहिए।"
वहीं, विधानसभा ने 23 अगस्त को चंद्रयान-3 मिशन सफलतापूर्वक चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतारने अंतरिक्ष अनुसंधान एवं विकास संगठन (इसरो) से जुड़े वैज्ञानिकों और अन्य लोगों को बधाई देते हुए प्रस्ताव पारित किया।
प्रश्नकाल के तुरंत बाद, विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने इसरो के मिशन की सफलता को 'स्वर्णिम अध्याय' करार देते हुए प्रस्ताव पेश किया और कहा कि हर किसी को अभियान से जुड़े प्रत्येक वैज्ञानिक को सलाम करना चाहिए।
बनर्जी ने कहा, "विधानसभा सचिव इस प्रस्ताव को राज्य सरकार के माध्यम से इसरो को भेजेंगे।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY