नयी दिल्ली, 11 फरवरी केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक ने मंगलवार को कहा कि देश में सौर पार्कों के विकास के लिए बड़े भूखंडों का अधिग्रहण एक बड़ी चुनौती है।
राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में, नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री ने बताया कि 31 दिसंबर 2024 तक देश में 18 सौर पार्क विकसित किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘सौर पार्कों के विकास के लिए प्रमुख चुनौतियां भूमि के बड़े हिस्से का अधिग्रहण और ट्रांसमिशन सिस्टम का समय पर विकास है। भूमि राज्य का विषय है, इसलिए भूमि संबंधी चुनौतियों को राज्य सरकारों के समक्ष उठाया जाता है।’’
नाइक ने बताया कि राज्यों से नवीकरणीय ऊर्जा (आरई) परियोजनाओं की स्थापना के लिए उपयुक्त सरकारी भूमि की पहचान करने का भी अनुरोध किया गया है।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा, पारेषण से संबंधित चुनौतियों को केंद्रीय ट्रांसमिशन यूटिलिटी (सीटीयू), केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए) और संबंधित राज्य की राज्य ट्रांसमिशन यूटिलिटी (एसटीयू) के साथ उठाया जाता है।
मंत्री ने कहा कि समस्याओं को हल करने के लिए समीक्षा बैठकें आयोजित की जाती हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY