नयी दिल्ली, 23 जून श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव ने शुक्रवार को कहा कि जी20 देशों का श्रम भागीदारी समूह एल20 वैश्विक स्तर पर श्रमिकों से संबंधित मुद्दों की वकालत और श्रमिक हितों के प्रतिनिधित्व में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
यादव ने पटना में आयोजित एल20 सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि यह समूह जी20 के भीतर श्रमिक हितों का प्रतिनिधित्व करने की वजह से काफी अहमियत रखता है।
उन्होंने कहा, "यह समूह वैश्विक स्तर पर श्रमिकों से संबंधित मुद्दों की वकालत भी करता है।"
दुनिया के विकसित एवं विकासशील देशों के समूह जी20 की अध्यक्षता इस समय भारत के पास है। जी20 के मातहत संचालित विभिन्न कार्य समूहों की देश के अलग-अलग हिस्सों में बैठकें चल रही हैं। इसी क्रम में श्रम भागीदारी समूह एल20 की भी एक बैठक गत 21 जून को पटना में शुरू हुई थी।
इस बैठक में यादव ने कहा कि प्रौद्योगिकी में बदलाव और भूमंडलीकरण की वजह से कामकाज के बदलते हुए माहौल का रोजगार और समुचित सामाजिक सुरक्षा के प्रावधानों पर काफी असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में व्यापक एवं अग्रगामी सामाजिक सुरक्षा नीतियां लागू करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा, "सरकारों, नियोक्ताओं, श्रमिक संगठनों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों को मिलकर यह सुनिश्चत करना चाहिए कि श्रमिकों के लिए तैयार सामाजिक सुरक्षा योजनाएं समावेशी, अनुकूल और पहुंच के भीतर हों।"
प्रेम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY