नयी दिल्ली, 15 फरवरी विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने बुधवार को बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना से भेंट की जिसमें उन्होंने गहरे विकास सहयोग एवं आर्थिक गठजोड़ को लेकर भारत के समर्थन की पुन: पुष्टि की।
क्वात्रा नेपाल की दो दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद मंगलवार को ढाका पहुंचे।
भारतीय उच्चायोग ने ट्वीट किया, ‘‘ विदेश मंत्री वी एम क्वात्रा ने प्रधानमंत्री शेख हसीना से ढाका में शिष्टाचार भेंट की। विदेश सचिव ने प्रधानमंत्री शेख हसीना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुभकामनाएं प्रेषित की और बांग्लादेश के साथ गहरे विकास एवं आर्थिक गठजोड़ में भारत के व्यापक समर्थन की पुन: पुष्टि की।’’
इससे पहले, क्वात्रा ने बांग्लादेश के अपने समकक्ष मसूद बिन मोमिन के साथ बातचीत की।
भारतीय मिशन ने ट्वीट किया, ‘‘ विदेश सचिव वी एम क्वात्रा ने बांग्लादेश के विदेश सचिव मसूद बिन मोमिन से विदेश कार्यालय में विचार विमर्श स्तरीय वार्ता की। दोनों पक्षों ने राजनीति, जल, कारोबार, निवेश, ऊर्जा, रक्षा, सम्पर्क और उप क्षेत्रीय सहयोग सहित द्विपक्षीय सहयोग के सम्पूर्ण आयामों की समीक्षा की।’’
दोनों विदेश सचिवों ने दो मित्रवत देशों के बीच गहरे सहयोग का आह्वान किया। दोनों पक्षों ने जी20 की भारत की अध्यक्षता के दौरान अतिथि देश के रूप में बांग्लादेश की हिस्सेदारी के परिप्रेक्ष्य में करीबी सम्पर्क बनाये रखने पर सहमति व्यक्त की।
मंत्रालय ने कहा कि विदेश सचिव की पड़ोसी देश की यह यात्रा भारत की ‘पड़ोस प्रथम’ नीति में बांग्लादेश को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के अनुरूप है। बांग्लादेश इस क्षेत्र में भारत का प्रमुख विकास एवं कारोबारी सहयोगी है।
इसमें कहा गया है कि विदेश सचिव की आसन्न यात्रा से द्विपक्षीय सहयोग को मजबूती मिलेगी और विविध क्षेत्रों में जारी सहयोग को गति प्राप्त होगी।
क्वात्रा 15-16 फरवरी तक बांग्लादेश की यात्रा पर रहेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY