देश की खबरें | हासन सीट से भवानी की टिकट पर कुमारस्वामी करेंगे अंतिम फैसला : रेवन्ना
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के आगामी विधानसभा चुनाव में हासन निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने के संबंध में भवानी रेवन्ना के बयान पर विवाद को खत्म करने का प्रयास करते हुए उनके पति एच डी रेवन्ना ने कहा कि उनके भाई और जनता दल (सेक्युलर) नेता एच डी कुमारस्वामी अंतिम निर्णय लेंगे।
हासन (कर्नाटक), 29 जनवरी कर्नाटक के आगामी विधानसभा चुनाव में हासन निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने के संबंध में भवानी रेवन्ना के बयान पर विवाद को खत्म करने का प्रयास करते हुए उनके पति एच डी रेवन्ना ने कहा कि उनके भाई और जनता दल (सेक्युलर) नेता एच डी कुमारस्वामी अंतिम निर्णय लेंगे।
भवानी ने यह कहकर खलबली मचा दी थी कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए उनकी उम्मीदवारी को मंजूरी दे दी गई है। पूर्व मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने बाद में एक स्पष्टीकरण जारी किया कि यह जरूरी नहीं है कि वह (भवानी) हासन से चुनाव लड़ें क्योंकि कई अन्य योग्य उम्मीदवार हैं।
पूर्व मंत्री रेवन्ना ने अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र होले नरसीपुर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं किसी व्यक्ति विशेष को (हासन से) खड़ा करने के पक्ष में नहीं हूं। हम चाहते हैं कि हमारी पार्टी कामयाब हो। कुमारस्वामी जो भी कहते हैं वह हम सभी के लिए अंतिम निर्णय है। अंतिम फैसला (एच डी) देवेगौड़ा, कुमारस्वामी, मैं और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सी एम इब्राहिम लेंगे।’’
रेवन्ना ने कहा कि जो लोग सोचते हैं कि उनके और कुमारस्वामी के बीच टकराव होगा, वे बुरी तरह निराश होंगे। पूर्व मंत्री ने कहा, ‘‘हमारे बीच कोई मतभेद नहीं हैं। हम केवल हासन जिले का विकास चाहते हैं।’’ रेवन्ना ने कहा कि जद (एस) राज्य में कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली सरकार को वापस लाने के लिए चुनाव लड़ेगी।
यह स्पष्टीकरण ऐसे वक्त आया है जब हासन सीट से चुनाव को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा के परिवार में मतभेद की खबरें आई थी। रेवन्ना की खामोशी से उन अफवाहों को बल मिल रहा था कि देवेगौड़ा के बेटों और उनके परिवार के बीच मतभेद है।
इस बीच, कुमारस्वामी ने पत्रकारों से कहा कि पार्टी उचित समय आने पर भवानी को जिम्मेदारी देगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘पार्टी उचित समय पर उन्हें सौंपी जाने वाली जिम्मेदारी पर फैसला करेगी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)