देश की खबरें | केएसएफडीसी की पहली फिल्म 'निशिद्धो' को मिला राज्य पुरस्कार

तिरुवनंतपुरम, 28 मई उभरती महिला निर्देशकों का समर्थन करने के लिए केरल सरकार की अग्रणी पहल के तहत बनी फिल्म 'निशिद्धो' को राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

इस परिेयोजना के तहत यह पहली फिल्म थी जिसका निर्माण केरल राज्य फिल्म विकास निगम (केएसएफडीसी) ने किया और तारा रामानुजन ने इसका निर्देशन किया। इसे राज्य फिल्म पुरस्कारों की सूची में दूसरी सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मिला है।

राज्य के संस्कृति मंत्री साजी चेरियन ने शुक्रवार को प्रतिष्ठित पुरस्कारों के 52वें संस्करण की घोषणा की। 'निशिद्धो' को रहमान बंधुओं द्वारा निर्देशित 'चविट्टू' के साथ सम्मानित किया गया।

'निशिद्धो' केरल में एक शहरी परिवेश में प्रवासियों के जीवन से संबंधित है और महिलाओं की ताकत को चित्रित करती है।

केरल के 26वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2022 (आईएफएफके) के अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता खंड में इस फिल्म को लेकर तारा रामानुजन को भारत से सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक के लिए के. आर. मोहनन पुरस्कार मिला।

एक बयान में कहा गया है कि रामानुजन की पहली फिल्म को देश के प्रमुख फिल्म समारोहों में भी प्रदर्शित किया गया।

रामानुजन द्वारा लिखित यह फिल्म "महिला निर्देशकों की फिल्म" परियोजना का पहला परिणाम है। 'निशिद्धो' एक बंगाली पुरुष और एक तमिल महिला के बीच केरल में उनके कार्यस्थल पर बने रिश्ते को प्रदर्शित करती है। इसमें कनी कुसरुति ने छवि का किरदार निभाया है और तन्मय धनानिया ने कोलकाता के मूर्ति-निर्माता रुद्र की भूमिका निभाई है।

वर्ष 1975 में स्थापित केएसएफडीसी फिल्म विकास के लिए देश में सार्वजनिक क्षेत्र का पहला निगम है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)