Coronavirus Vaccine: सिंगापुर में स्वास्थ्यसेवा कर्मियों को 'फाइजर-बायोएनटेक' का टीका लगाना शुरू
सिंगापुर एशिया का पहला ऐसा देश बन गया है, जहां 'फाइजर-बायोएनटेक' का कोविड-19 (COVID-19) का टीका लगाना शुरू कर दिया गया है. सिंगापुर में सबसे पहले स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जा रहा है.
सिंगापुर, 30 दिसंबर: सिंगापुर एशिया का पहला ऐसा देश बन गया है, जहां 'फाइजर-बायोएनटेक' (Pfizer BioNotech) का कोविड-19 (COVID-19) का टीका लगाना शुरू कर दिया गया है. सिंगापुर में सबसे पहले स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जा रहा है. समाचार पत्र 'द स्ट्रेट्स टाइम्स' ने अपनी एक खबर में बताया कि आगामी सप्ताह में और अधिक स्वास्थ्यसेवा संस्थानों के कर्मियों को टीका लगाया जाएगा. इसके बाद फरवरी से 70 साल या इससे अधिक आयु के लोगों को टीका लगाया जाएगा.
खबर में बताया गया है कि इसके बाद सिंगापुर के अन्य नागरिकों तथा लंबे समय से देश में रह रहे लोगों को टीका दिया जाएगा. स्वास्थ्य मंत्रालय की विशेषज्ञ समिति ने सिफारिश की थी कि स्वास्थ्य कर्मियों और कोरोना वायरस से निपटने के प्रयासों में अग्रिम मोर्चे पर काम कर रहे लोगों समेत उन लोगों को पहले टीका लगाया जाए, जिनके संक्रमित होने का खतरा अधिक है. टीकाकरण संबंधी रणनीति में समिति की इस सिफारिश पर अमल किया गया है. सिंगापुर में 'फाइजर- बायोएनटेक' टीके की पहली खेप 21 दिसंबर को पहुंची थी.
यह भी पढ़ें : Coronavirus Vaccine: अमेरिका ने लॉन्ग-टर्म केयर फैसिलिटीज में COVID-19 वैक्सीनेशन किया शुरू
सिंगापुर कोविड-19 का टीका प्राप्त करने वाला एशिया का पहला देश है. इससे पहले ब्रिटेन, कनाडा और अमेरिका जैसे देशों में टीका लगाया जाना आरंभ हो गया है. सिंगापुर में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण 29 लोगों की मौत हुई है. वहीं 58,400 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 30, 2020 08:59 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

