एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कोविड-19: देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 69 लाख से अधिक हुई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत में एक दिन में कोविड-19 के 70,496 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 69 लाख से अधिक हो गई। वहीं, देश में करीब एक महीने बाद उपचाराधीन मरीजों की संख्या नौ लाख से कम हो गई है।

देश की खबरें | कोविड-19: देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 69 लाख से अधिक हुई
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर भारत में एक दिन में कोविड-19 के 70,496 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 69 लाख से अधिक हो गई। वहीं, देश में करीब एक महीने बाद उपचाराधीन मरीजों की संख्या नौ लाख से कम हो गई है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार देश में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 69,06,151 हो गई है। वहीं, पिछले 24 घंटे में 964 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,06,490 हो गई।

यह भी पढ़े | Rajasthan Shocker: भू माफिया ने पुजारी को पेट्रोल डालकर जलाया, इलाज के दौरान मौत- मुख्य आरोपी गिरफ्तार.

आंकड़ों के अनुसार देश में संक्रमण से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 59,06,069 हो गई है। इससे संक्रमण मुक्त होने वाले लोगों की दर बढ़कर 85.52 प्रतिशत पर पहुंच गई है। फिलहाल देश में 8,93,592 लोगों का कोरोना वायरस का इलाज जारी है, जो कुल मामलों का 12.94 प्रतिशत है।

कोविड-19 से मृत्यु दर 1.54 प्रतिशत है।

यह भी पढ़े | आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में शिवसेना 50 सीटों पर लड़ सकती है चुनाव, सीएम उद्धव ठाकरे और राज्य मंत्री आदित्य ठाकरे करेंगे वर्चुअल रैली- संजय राउत: 9 अक्टूबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

भारत में कोविड-19 के मामले सात अगस्त को 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितम्बर को 40 लाख, 16 सितम्बर को 50 लाख और 28 सितम्बर को 60 लाख के पार चले गए थे।

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार देश में आठ अक्टूबर तक कोविड-19 के 8,46,34,680 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से 11,68,705 नमूनों की जांच बृहस्पतिवार को की गई।

आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में जिन 964 लोगों की मौत हुई, उनमें से सबसे अधिक 358 लोग महाराष्ट्र के थे। इनके अलावा कर्नाटक के 101, तमिलनाडु के 68 , पश्चिम बंगाल के 63 , उत्तर प्रदेश के 45 , आंध्र प्रदेश के 42 और दिल्ली के 37 लोग थे।

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना वायरस के कारण अभी तक कुल 1,06,490 लोगों की मौत हुई है। इनमें से सबसे अधिक 39,430 लोग महाराष्ट्र के थे। इनके अलावा तमिलनाडु के 10,052, कर्नाटक के 9,675, उत्तर प्रदेश के 6,245, आंध्र प्रदेश के 6,128, दिल्ली के 5,653, पश्चिम बंगाल के 5,439, पंजाब के 3,741 और गुजरात के 3,538 लोग थे।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि संक्रमण से मरने वालों में से 70 प्रतिशत से अधिक मरीज दूसरी बीमारियों से भी पीड़ित थे।

मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर कहा, ''हमारे आंकड़ों का मिलान आईसीएमआर से किया जा रहा है।’'

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 09, 2020 12:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).