ऑक्सीजन लेवल में कमी के बाद ICU में भर्ती कराए गए असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरूण गोगोई
कोविड-19 के बाद की जटिलताओं के कारण वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के शरीर में ऑक्सीजन का स्तर गिरने के चलते गुरुवार को उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है.
गुवाहाटी: कोविड-19 के बाद की जटिलताओं के कारण वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के शरीर में ऑक्सीजन का स्तर गिरने के चलते गुरुवार को उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है. एक वरिष्ठ डॉक्टर ने यह जानकारी दी. 85 वर्षीय गोगोई 25 अगस्त को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे, जिसके बाद उन्हें गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में भर्ती कराया गया था. संक्रमण मुक्त होने के बाद भी गोगोई अस्पताल में भर्ती रहे.
अस्पताल के अधीक्षक अभिजीत सरमा ने कहा कि गोगोई पहले से ही कई बीमारियों की चपेट में हैं और फेफड़ों में कुछ परेशानी होने के साथ ऑक्सीजन का स्तर कम होने के बाद उन्हें गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती किया गया. उन्होंने कहा, '' हालांकि, गोगोई की हालत स्थिर है और हम लगातार उनकी सेहत की निगरानी कर रहे हैं. इस समय वह ऑक्सीजन पर हैं.''
असम के स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि जीएमसीएच के अधिकारी शुक्रवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री गोगोई की स्थिति के बारे में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से नई दिल्ली में एम्स के डॉक्टरों से परामर्श करेंगे.
उन्होंने कहा, ''यदि आवश्यकता हुई तो हम उन्हें दिल्ली ले जाने को तैयार हैं. मैंने पहले ही उनके बेटे गौरव गोगोई से बात कर ली है.'' जीएमसीएच के अधीक्षक ने कहा, ''गोगोई फिलहाल बात करने की स्थिति में हैं लेकिन काफी थके हुए हैं. हम उनकी पूरी देखभाल कर रहे हैं.''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 24, 2020 09:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

