देश की खबरें | देश में कोविड-19 की कुल जांच संख्या 4.33 करोड़ के पार : केंद्र
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि भारत में कोविड-19 की जांच संख्या 4.33 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है और पिछले दो सप्ताह में 1.22 करोड़ नमूनों की जांच हुई है।
नयी दिल्ली, एक सितंबर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि भारत में कोविड-19 की जांच संख्या 4.33 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है और पिछले दो सप्ताह में 1.22 करोड़ नमूनों की जांच हुई है।
इसने कहा कि अब तक जितनी जांच हुई हैं, उनमें से सर्वाधिक, लगभग 34 प्रतिशत तीन राज्यों-तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में हुई हैं।
मंत्रालय ने रेखांकित किया कि भारत में प्रतिदिन के हिसाब से जांच क्षमता 10 लाख के आंकड़े को पार कर गई है और प्रति 10 लाख की आबादी पर भी जांच संख्या बढ़कर 31,394 हो गई है।
इसने कहा कि 22 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में प्रति 10 लाख की आबादी पर जांच क्षमता राष्ट्रीय औसत से बेहतर है।
यह भी पढ़े | Corona pandemic: क्या बाहर से आकर नहाना और कपड़े रोज धोना जरूरी है?.
मंत्रालय ने कहा कि सोमवार को पिछले 24 घंटों में 10,16,920 जांच की गईं जिससे अब तक हुई कोविड-19 जांच की संख्या बढ़कर 4,33,24,834 हो गई।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि केंद्र के नेतृत्व वाली रणनीति के तहत उठाए जा रहे बेहतर कदमों के चलते स्वस्थ होने वालों की संख्या में वृद्धि हुई है।
इसने कहा कि पिछले दो सप्ताह में ही 1,22,66,514 नमूनों की जांच की गई है।
मंत्रालय ने रेखांकित किया, ‘‘राज्य और केंद्रशासित प्रदेश उत्तरोत्तर अपनी जांच क्षमता में वृद्धि कर रहे हैं। तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र ने कुल जांच संख्या में से सर्वाधिक, 34 प्रतिशत नमूनों की जांच की है।’’
हर सप्ताह जांच संख्या में सतत वृद्धि हो रही है। जांच संख्या में जनवरी के पहले सप्ताह के मुकाबले चार गुना वृद्धि हुई है। देशभर में प्रयोगशलाओं की संख्या में वृद्धि और सुगम जांच सुविधा के चलते जांच क्षमता में यह बढ़ोतरी हुई है।
मंत्रालय द्वारा साझा किए गए डेटा के अनुसार, ‘‘प्रति 10 लाख की आबादी पर जांच संख्या बढ़कर 31,394 हो गई है।’’
मंत्रालय ने कहा कि गोवा में प्रति 10 लाख की आबादी पर 1,30,091 नमूनों की जांच हो रही है। इसके बाद दिल्ली में 85,923, आंध्र प्रदेश में 65,078, तमिलनाडु में 59,923, असम में 44,404, कर्नाटक में 44,061, पंजाब में 34,815 और महाराष्ट्र में प्रति 10 लाख की आबादी पर 32,723 नमूनों की जांच हो रही है।
देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 69,921 नए मरीज सामने आने के बाद महामारी के कुल मामलों की संख्या 36,91,166 हो गई है तथा इस अवधि में 819 और मरीजों की मौत के बाद महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या 65,288 हो गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 01, 2020 06:41 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

